आम, मिर्ची, लहसुन छोड़िए! इस सर्दी ट्राई करें मेथी दाने से बना ये टेस्टी अचार, हर कोई करेगा तारीफ – Uttar Pradesh News
Winter Special Methi Dana Achaar: अक्सर लोग अचार को सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने वाला आइटम मानते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया, स्वाद में अलग और सेहत के लिए भी फायदेमंद ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार मेथी दाने का अचार जरूर बनाएं या चखें. इसे बनाना बेहद आसान है और यह लंबे समय तक खराब नहीं होता. खास बात यह है कि मेथी दाने का अचार स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी लाभकारी माना जाता है.
किरण मिश्रा ने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की है और उसके बाद हाउसवाइफ रह चुकी हैं. बाद में उन्हें स्वयं सहायता समूह के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने श्री राधे स्वयं सहायता समूह की स्थापना की. इस समूह में अब 12 महिलाएं जुड़ी हैं और यह महिलाओं को रोजगार भी प्रदान करता है. किरण मिश्रा बताती हैं कि उनके समूह में खास तौर पर सर्दियों के लिए अचार बनाया जाता है. सर्दियों में लोग मेथी के लड्डू और मेथी से बने अन्य प्रोडक्ट खरीदते थे. किरण कहती हैं कि उन्हें लगा क्यों न मेथी के दाने का अचार बनाया जाए. इसलिए उन्होंने घर पर इसे तैयार किया और इसे अब लोग बेहद पसंद कर रहे हैं.
मेथी दाने का अचार बनाने की सामग्री
इस अचार में मेथी दाना, सरसों का तेल, हींग, सौंफ, बनारसी राई, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक, सिरका, काली मिर्च, बड़ी इलायची, लौंग, दालचीनी और गर्म मसाला. इन सभी सामग्री को मिलाकर विशेष विधि से तैयार किया जाता है, जिससे अचार का स्वाद बढ़ता है और यह लंबे समय तक टिकाऊ रहता है.
किरण मिश्रा बताती हैं कि अचार बनाने के लिए सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के मेथी के दाने बाजार से लिए जाते हैं. दानों को साफ करके 24 घंटे के लिए पानी में भिगोया जाता है. इसके बाद दानों को बाहर निकालकर हल्का सुखाया जाता है और इसमें खास मसालों का मिश्रण मिलाया जाता है, जिससे तीखापन कम हो जाता है. लहसुन और हरी मिर्च भी मिलाई जाती हैं, जिससे स्वाद में तीखापन नियंत्रित रहता है. इस अचार में सिरका, हल्दी, लाल मिर्च, हींग, सौंफ और बनारसी राई का इस्तेमाल किया जाता है, जो स्वाद और सेहत दोनों को संतुलित करता है.
यह भी पढ़ें: बच्चे तक मांग-मांगकर खाएंगे, इतनी टेस्टी बनेगी मूंगफली-साबूदाना की खिचड़ी, जानें रेसिपी
मेथी का अचार बनाने की विधि
अचार बनाने के लिए पहले मेथी के दानों को साफ करके 24 घंटे पानी में भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर दानों को हल्का सुखा लें. इसके बाद एक पैन में सरसों का तेल गर्म करके और फिर तेल को ठंडा होने के लिए अलग रख दें. फिर मेथी दानों में नमक, हल्दी, लाल मिर्च, सौंफ, बनारसी राई और हींग मिलाकर अच्छे से मिला लें. इसके बाद ठंडा किया हुआ सरसों का तेल और सिरका डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. तैयार मिश्रण को किसी साफ और सूखे कांच के जार में भरकर 5-7 दिन तक धूप में रखा जाता है और रोज एक बार हिलाया जाता है. कुछ ही दिनों में यह अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है.
सेहत के लिए फायदेमंद मेथी का अचार
किरण मिश्रा बताती हैं कि मेथी दाने का अचार पाचन सुधारने में मदद करता है, गैस और कब्ज की समस्या को कम करता है और डायबिटीज के मरीजों के लिए भी लाभकारी है. अगर आप रोज़ाना एक ही तरह का अचार खाने से बोर हो चुके हैं, तो इस बार मेथी दाने का अचार जरूर ट्राई करें. यह न केवल स्वाद में नया ट्विस्ट देगा बल्कि सेहत को भी लाभ पहुंचाएगा.