2025 में फ्लॉप रही सीक्वल फिल्में: केसरी 2, वॉर 2, हाउसफुल 5

Share to your loved once


नई दिल्ली. साल 2025 में कई बड़ी फिल्मों के सीक्वल दर्शकों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए. सुपरहिट फिल्मों की अगली कड़ियां होने के बावजूद ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकीं और बजट तक नहीं निकाल पाईं. साल के आखिर में हम उन सीक्वल फिल्मों पर नजर डाल रहे हैं, जो बड़े नाम और भारी बजट के बावजूद फ्लॉप या औसत साबित हुईं.

अक्षय कुमार की 2019 में आई फिल्म ‘केसरी’ को खूब पसंद किया गया था. इसी साल 18 अप्रैल को इसका सीक्वल ‘केसरी चैप्टर 2’ रिलीज हुआ. करीब 150 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना खर्च तक नहीं निकाल पाई. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई करीब 135 करोड़ रुपये रही.

कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हाउसफुल’ का पांचवां पार्ट 6 जून को रिलीज हुआ. पहले चार पार्ट्स की सफलता के बाद ‘हाउसफुल 5’ से काफी उम्मीदें थीं. मल्टीस्टारर होने के बावजूद फिल्म ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाई. भारत में फिल्म ने करीब 179.75 करोड़ रुपये कमाए, जबकि इसका बजट करीब 240 करोड़ रुपये था. ग्लोबल लेवल पर भी फिल्म की कमाई औसत ही रही.

साल 2018 की हिट फिल्म ‘धड़क’ का सीक्वल ‘धड़क 2’ भी इसी साल रिलीज हुआ. फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी नजर आए. जातिगत हिंसा और प्रेम की कहानी दिखाने वाली इस फिल्म का बजट करीब 60 करोड़ रुपये था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह सिर्फ 25 करोड़ के आसपास ही कमा पाई. फिल्म 1 अगस्त को रिलीज हुई थी.

अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ के सीक्वल ‘सन ऑफ सरदार 2’ को भी दर्शकों ने ज्यादा पसंद नहीं किया. 1 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म का बजट करीब 130 करोड़ रुपये बताया गया, लेकिन फिल्म महज 44.9 करोड़ रुपये ही कमा पाई. इस बार अजय की कॉमेडी भी लोगों को हंसा नहीं सकी. फिल्म में मृणाल ठाकुर, रोशनी वालिया और रवि किशन भी नजर आए.

ऋतिक रोशन की एक्शन फिल्म ‘वॉर 2’ से भी काफी उम्मीदें थीं. फिल्म में जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी जैसे बड़े नाम थे, लेकिन इसके बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही. करीब 400 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 244.29 करोड़ रुपये और कुल मिलाकर लगभग 303 करोड़ रुपये की कमाई की. फिल्म 14 अगस्त को रिलीज हुई थी.

टाइगर श्रॉफ की ‘बागी’ सीरीज को पहले दर्शकों का खूब प्यार मिला था. पहला और दूसरा पार्ट हिट रहा, लेकिन इस साल 5 सितंबर को रिलीज हुई ‘बागी 4’ बॉक्स ऑफिस पर नहीं चल पाई. रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने करीब 67.07 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि इसका बजट लगभग 80 करोड़ रुपये था.

हालांकि, साल 2025 में जहां कई सीक्वल फ्लॉप रहे, वहीं ‘तारे जमीन पर 2’ और ‘रेड 2’ जैसी फिल्में इस साल की हिट फिल्मों में शामिल रहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP