Delhi Airport | Airport Fog | Flight Status: इन एयरपोर्ट्स पर थम सकते हैं फ्लाइट ऑपरेशन! इंडिगो-एयर इंडिया-स्पाइसजेट ने जारी की एडवाजरी, जान लें अपनी फ्लाइट का स्टेटस | Flight operations may suspended at these airports IndiGo Air India SpiceJet issued advisories check your flight status
Airport Fog & Flight Operation: उत्तर भारत में एक बार फिर सर्दी ने अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कल यानी सोमवार सुबह दिल्ली, अमृतसर, चंडीगढ़ सहित कई उत्तरी राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. कम दृश्यता के चलते हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है. इसे देखते हुए देश की प्रमुख एयरलाइंस एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने पैसेंजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की है.
एयर इंडिया ने अपनी एडवाइजरी के जरिए पैसेंजर्स से कहा है कि सोमवार सुबह घने कोहरे की वजह से फ्लाइट ऑपरेशन में डिले, डायवर्जन या कैंसलेशन होने की स्थिति बन सकती है. एयरलाइन ने पैसेंजर्स को भरोसा दिलाया है कि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में ग्राउंड स्टाफ पूरी मदद के लिए उपलब्ध रहेगा. एयर इंडिया की खास ‘FogCare’ पहल के तहत, उन उड़ानों के पैसेंजर्स को पहले से अलर्ट भेजा जाएगा, जिन पर कोहरे का असर पड़ने की संभावना है.
इन फ्लाइट्स के पैसेंजर्स बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी फ्लाइट बदल सकते हैं या बिना पेनाल्टी के पूरा रिफंड ले सकते हैं. एयर इंडिया ने पैसेंजर्स को सलाह दी है कि एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें. साथ ही, कुछ अतिरिक्त समय लेकर घर से एयरपोर्ट के लिए निकलें.
इंडिगो ने भी पैसेंजर्स के लिए जारी की एडवाइजरी
वहीं इंडिगो एयरलाइंस ने भी पैसेंजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी में दिल्ली, अमृतसर और चंडीगढ़ में तड़के घने कोहने की वजह से विजबिलिटी घटने की बात कही गई है. इंडिगो के अनुसार, कोहरे के कारण रनवे ऑपरेशंस प्रभावित हो सकते हैं, जिससे फ्लाइट्स लेट हो सकती हैं. इंडिगो की टीमें पूरी रात मौसम पर नजर रखेंगी और हर मिनट की स्थिति को मॉनिटर किया जाएगा. इंडिगो ने पैसेंजर्स से कहा है कि यदि उनकी उड़ान प्रभावित होती है, तो वे आसानी से दूसरी फ्लाइट चुन सकते हैं या रिफंड का विकल्प ले सकते हैं. कंपनी ने पैसेंजर्स से कहा है कि उनकी सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
स्पाइसजेट ने भी जारी किया मौसम अपडेट
स्पाइसजेट ने भी दिल्ली एयरपोर्ट के लिए मौसम अपडेट जारी किया है. एयरलाइन के मुताबिक, खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दिल्ली से आने-जाने वाली सभी उड़ानें और उनसे जुड़ी कनेक्टिंग फ्लाइट्स प्रभावित हो सकती हैं. स्पाइसजेट ने पैसेंजर्स से अनुरोध किया है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें.
हर साल सर्दियों में उत्तर भारत में कोहरे के कारण हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित होता है. ऐसे में एयरलाइंस द्वारा पहले से जारी की गई एडवाइजरी पैसेंजर्स के लिए राहत भरी है. पैसेंजर्स को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचें, एयरपोर्ट पर अतिरिक्त समय रखें और एयरलाइंस से मिलने वाले अलर्ट पर नजर बनाए रखें, ताकि असुविधा से बचा जा सके.