ऑपरेशन आघात 3.0: दिल्ली में 604 आरोपी गिरफ्तार, 24 पिस्तौल जब्त
Last Updated:
दिल्ली पुलिस के ऑपरेशन आघात 3.0 में 1,200 पुलिसकर्मियों ने 2,850 संदिग्धों की जांच की, 604 आरोपी पकड़े, 24 अवैध पिस्तौल, 8.209 किलो गांजा और 22,538 शराब की बोतलें बरामद कीं.

Delhi Crime News: नए साल की चमकदार रोशनी से ठीक पहले दिल्ली की गलियों में एक अलग ही हलचल थी. यह हलचल जश्न की नहीं, बल्कि कानून के उस सख्त कदम की थी, जिसे नाम दिया गया था ऑपरेशन आघात 3.0. 27 दिसंबर 2025 को दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अंधेरे कोनों में अपराध की सांसें तेज थीं. लेकिन इस अपराध को कुचलने के लिए दिल्ली पुलिस खास प्लान तैयार कर चुकी थी. यह तैयारी दिल्ली के संगठित अपराध पर सीधा और सटीक प्रहार करने की थी.
एक साथ 1,200 से ज्यादा पुलिसकर्मी. थानों, स्पेशल स्टाफ और जिलों की सीमाएं मिट चुकी थीं. हर गली, हर चौक, हर सुनसान सड़क पर पुलिस की नजर थी. नतीजा 2,850 संदिग्धों को घेरकर जांच की गई. 604 आरोपियों पर कानून का शिकंजा कसा गया. बीएनएस, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, आबकारी और गैंबलिंग लॉ से जुड़े किसी भी अपराध और उससे जुड़े किसी भी अपराधी को नहीं छोड़ा गया. इस अभियान में वे चेहरे भी पकड़े गए, जिनका नाम अपराध की फाइलों में वर्षों से दर्ज था.
पुलिस को चुनौती देने वाले 155 कुख्यात बदमाश और 4 घोषित अपराधी अब हथकड़ियों में थे. सड़क 13 प्रॉपर्टी ऑफेंडर, 8 ऑटो लिफ्टर और 5 झपटमार भी पकड़े गए. 1 चोरी की गाड़ियां बरामद हुईं. 350 लावारिस वाहन भी जब्त कर लिए गए. लेकिन असली कहानी तो बरामदगी की थी. 24 अवैध पिस्तौल और रिवॉल्वर, 30 जिंदा कारतूस, 44 चाकू एक ही रात में बरामद किए गए. इतना ही नहीं, 8.209 किलो गांजा, 22,538 अवैध शराब की बोतलें और जुए की रकम के 2.43 लाख रुपये भी बरामद किए गए.
पुलिस ने ऑपरेशन आघात 3.0 के दौरान चोरी के 470 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए. यह सिर्फ गिरफ्तारी नहीं थी. यह अपराध की कमर तोड़ने की कार्रवाई थी. फंडिंग, नेटवर्क और हौसले, तीनों पर सीधा वार किया गया था. इस पूरे अभियान के पीछे दिल्ली पुलिस का मजबूत नेतृत्व खड़ा था. पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा की दूरदृष्टि, विशेष आयुक्त मधुप तिवारी की सीधी निगरानी और संयुक्त आयुक्त के मैदान में उतरने से ऑपरेशन को धार मिली. दक्षिण और दक्षिण-पूर्व जिले के डीसीपी हेमन तिवारी और अंकित चौहान हर कदम पर रणनीति को अंजाम दे रहे थे.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें