UP News Live: बुलंदशहर में रोडवेज बस बनी आग का गोला, 35 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
बहराइच में इलाज के नाम पर धर्म परिवर्तन का आरोप, कथित पादरी पर केस दर्ज
बहराइच में इलाज के नाम पर धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है. हरदी थाना क्षेत्र के पाण्डेयपुरवा गांव में कथित रूप से चंगाई सभा और प्रार्थना सभा के माध्यम से लोगों को बरगलाने का आरोप लगा है. युवक की शिकायत पर पुलिस ने कथित पादरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है कि सभा लगाकर बीमारी ठीक करने का दावा किया जाता था और इसी बहाने दूसरे धर्मों के लोगों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी. मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है.
बुलंदशहर में रोडवेज बस बनी आग का गोला, 35 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
बुलंदशहर में बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब दिल्ली से बुलंदशहर आ रही रोडवेज बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. बस में सवार करीब 35 यात्रियों ने चालक और परिचालक के साथ कूदकर अपनी जान बचाई. घटना थाना सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के NH-34 पर शिवा ढाबे के पास हुई. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
‘पुलिस मंथन-25’ में टेक्नोलॉजी पर फोकस, CM योगी ने किया यक्ष ऐप का लोकार्पण
उत्तर प्रदेश पुलिस का वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन पुलिस मंथन-25 जारी है. सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष बीट पुलिसिंग पर विस्तृत प्रजेंटेशन दिया गया. इस दौरान बेस्ट प्रैक्टिसेज को भी साझा किया गया. CM योगी ने यक्ष ऐप का लोकार्पण किया, जिसे AI और बिग डाटा एनालिसिस की मदद से तैयार किया गया है. यक्ष ऐप बीट बुक का डिजिटल स्वरूप है, जिसमें अपराध, अपराधियों और संवेदनशील क्षेत्रों का पूरा डाटा उपलब्ध रहेगा. यह ऐप बीट कर्मियों के रोजमर्रा के कार्यों को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएगा.
अमेठी पुलिस की बड़ी कामयाबी, 13 लाख के 86 खोए मोबाइल बरामद
अमेठी में पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने विभिन्न जिलों से खोए हुए कुल 86 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है. लंबे समय से अपने मोबाइल खोने से परेशान लोगों के चेहरे मोबाइल मिलने के बाद खिल उठे. अमेठी के पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कांफ्रेंस कर बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए. एसपी ने बताया कि सर्विलांस की मदद से मोबाइल ट्रेस किए गए और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस की इस पहल से आमजन में भरोसा बढ़ा है.
ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का बड़ा बयान
ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी में जाति के आधार पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और इस तरह की गुटबंदी पर भरोसा करना ठीक नहीं है. मंत्री ने स्पष्ट किया कि बीजेपी एक अनुशासित पार्टी है, जहां इस तरह के कार्य स्वीकार्य नहीं हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी सभी समुदायों और जातियों को साथ लेकर चलती है और पार्टी के आईने में सभी समान हैं. ऐसे प्रयास पार्टी की विचारधारा के खिलाफ हैं और इन्हें उचित नहीं माना जा सकता.
पीलीभीत में अखबार प्रतिनिधि पर जानलेवा हमला, परिवार में दहशत
पीलीभीत के कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम नगरिया सहगवा में अखबार प्रतिनिधि मोहम्मद जुल्फिकार अहमद पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया. आरोप है कि गाटा संख्या 525 के तालाब पर अवैध कब्जा कर मकान बना रहे दबंगों की खबर करने पर उन्होंने हमला किया. घटना के बाद पीड़ित का परिवार दहशत में है और जान का खतरा बता रहा है. पीड़ित पत्रकार जुल्फिकार अहमद ने थाना जहानाबाद पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
CM योगी ने पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधिकारी सम्मेलन की अध्यक्षता की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे और दो दिवसीय वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन की अध्यक्षता की. इस सम्मेलन में कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक सुधार और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष रणनीतियां तैयार की जाएंगी. उच्चस्तरीय अधिकारियों की भागीदारी के साथ यह सम्मेलन प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है.
फरार 25 हजार के इनामी गांजा तस्कर मंगेश यादव गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चल रहे अभियान SAY NO TO DRUGS के तहत फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी गांजा तस्कर मंगेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. मंगेश लंबे समय से पुलिस की नजर में था और उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में सप्लाई करता था. जाजमऊ प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में अलर्ट टीम ने दबिश देकर मंगेश को पकड़ लिया. पुलिस अब उसके गैंग के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है. यह गिरफ्तारी अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है.
कन्नौज: जिम में प्रोटीन पाउडर से युवक की मौत
कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र के कुड़रा गांव के विकास की मौत जिम में सेवन किए गए प्रोटीन पाउडर से हुई. 15 दिन पहले पाउडर पीने के बाद उसकी तबियत बिगड़ गई थी और वह कानपुर के अस्पताल में भर्ती था, जहां आज उसने दम तोड़ दिया. विकास बॉडी बनाने का शौकीन था और कुछ दिन से तालग्राम कस्बे के जिम में जा रहा था. परिजनों ने जिम संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने जिम को सीज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
लखनऊ में रिटायर्ड जवान के घर बेखौफ चोरों ने की धावा-बोली, CCTV में कैद हुई पूरी चोरी
लखनऊ के PGI थाना क्षेत्र की वृंदावन हाउसिंग सोसाइटी में रिटायर्ड आर्मी जवान के घर बड़ी चोरी हुई. जवान कानपुर दो दिन के लिए गए हुए थे. रात 1:30 बजे घर में घुसे चोरों ने कई घंटे तक कीमती सामान बटोरा. सुबह 5:30 बजे पिकप बुलाकर सभी सामान लादकर फरार हो गए. चोरी की पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई. पीड़ित ने PGI थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. इस बेखौफ़ चोरी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है, और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
सीतापुर में डबल मर्डर से सनसनी, पिता-पुत्र की हत्या से तनाव
सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में पिता-पुत्र की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान छोटे खान और उनके पुत्र मैसर के रूप में हुई है. पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है. घटना से पहले हमलावरों से विवाद हुआ था, जिस पर पुलिस ने केवल 151 की कार्रवाई कर औपचारिकता निभाई थी. मृतक कुछ दिन पहले ही जेल से छूटे थे और हत्या के मामले में बंद थे. दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण इलाके में तनाव है. एसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात है.
हापुड़ में चौकीदार निकला चोर, गोदाम से माल और नकदी चोरी
हापुड़ में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है, जहां गोदाम की रखवाली के लिए रखा गया चौकीदार ही चोर बन गया. आरोपी चौकीदार शालू ने अपने ही मालिक के गोदाम से माल चोरी कर लिया. मामले की जानकारी मिलने पर हापुड़ कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया माल और करीब 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात कबूल की है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
क्रिकेट टीम में सेलेक्शन के नाम पर ठगी, 14.30 लाख हड़पे
बिहार क्रिकेट टीम में चयन कराने के नाम पर ठगों द्वारा बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने युवा क्रिकेटर भवेश कुमार को झांसे में लेकर बिहार क्रिकेट टीम में सेलेक्शन का भरोसा दिलाया और उससे करीब 14.30 लाख रुपये हड़प लिए. जब काफी समय बाद भी चयन नहीं हुआ तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उसने हापुड़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और ठगी की रकम बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है.
यूपी में SIR फॉर्म की समयसीमा खत्म, 2.89 करोड़ वोटरों के नाम कटेंगे
उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) फॉर्म भरने की समयसीमा 26 दिसंबर की रात 12 बजे समाप्त हो गई है. इसके बाद राज्य में करीब 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटेंगे. इनमें 1.26 करोड़ स्थानांतरित, 46 लाख मृत, 23.70 लाख डुप्लीकेट, 83.73 लाख अनुपस्थित और 9.57 लाख अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं. 1.11 करोड़ वोटरों को नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे जाएंगे. 31 दिसंबर को प्रारंभिक और 28 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. 31 दिसंबर से 30 जनवरी तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी.
आज से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025
सीएम योगी आदित्यनाथ.
उत्तर प्रदेश पुलिस को देश की सर्वोत्तम पुलिस बनाने के उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025 का शुभारंभ आज किया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 9:45 बजे पुलिस मुख्यालय पहुंचकर दो दिवसीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे. CM सभी 11 सत्रों में मौजूद रहेंगे. आज 7 और 28 दिसंबर को 4 सत्रों में कानून-व्यवस्था, बीट पुलिसिंग, महिला अपराध, साइबर क्राइम, पुलिस ट्रेनिंग, अभियोजन, फॉरेंसिक, आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, इंटेलिजेंस, बॉर्डर सुरक्षा और संगठित अपराध जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. 45 वरिष्ठ अधिकारी प्रजेंटेशन देंगे. अंत में CM विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेंगे.
आगरा में तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में युवक की मौत
आगरा में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. थाना फतेहाबाद क्षेत्र के बाह रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है.
माघ मेला 2026 के मद्देनजर दारागंज शवदाह स्थल अस्थायी रूप से स्थानांतरित
प्रयागराज में माघ मेला 2026 को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा, यातायात सुगमता व भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मोरी रोड स्थित दारागंज शवदाह स्थल को अस्थायी रूप से शिवकुटी के पास स्थानांतरित किया गया है. 27 दिसंबर 2025 से माघ मेला समाप्ति 15 फरवरी 2026 तक दारागंज घाट पर शवदाह नहीं होगा. इस अवधि में सभी शवदाह शिवकुटी स्थित नए स्थल पर किए जाएंगे. परिजनों के आवागमन के लिए नागवासुकि मंदिर के सामने बनी रिवर फ्रंट रोड का उपयोग होगा. मार्ग पर संकेतक और यातायात पुलिस की व्यवस्था रहेगी. मेला समाप्ति के बाद पूर्व व्यवस्था बहाल की जाएगी.