पुलिस आई तो गायब हो गया ड्रग तस्कर, 100 मीटर की सुरंग से दिया चकमा, घर से शादी मंडप तक बनी थी सुरंग

Share to your loved once


Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में ड्रग तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में पुलिस उस वक्त हैरान रह गई, जब एक कुख्यात तस्कर के घर छापेमारी के दौरान एक गुप्त सुरंग मिली. यह सुरंग करीब 100 मीटर लंबी है, जिसके जरिए आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस को ऐसा शक है कि इसी रास्ते से गैर-कानूनी सामान (ड्रग) की तस्करी भी की जाती थी. फिलहाल पुलिस ने घर को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक टीमें सुरंग की जांच कर रही हैं.

दरअसल, बरेली पुलिस ने ड्रग तस्कर तसलीम खान के बेटे और उसके सहयोगी को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को मेरठ स्थित उसके घर पर अचानक छापेमारी की. यह छापेमारी मेरठ पुलिस के साथ बरेली पुलिस ने की थी. पुलिस को ऐसी उम्मीद थी कि तसलीम खान घर में ही मिलेगा, लेकिन वहां पहुंचने पर वह पहले ही फरार हो चुका था. छापेमारी के दौरान पुलिस को तसलीम के घर में एक 100 मीटर लंबी सुरंग मिली, जिसका एंट्री गेट छिपा हुआ था.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए तसलीम खान ने इसी सुरंग का इस्तेमाल कर पुलिस के आने से ठीक पहले भागने में सफल हुआ था.

530 ग्राम चरस के साथ बेटा और साथी गिरफ्तार
मेरठ के एसएसपी विपिन टाडा ने बताया कि यह कार्रवाई तसलीम खान के बेटे शहबाज खान और उसके सहयोगी मोहम्मद सलमान की गिरफ्तारी के बाद की गई. दोनों को गुरुवार को 530 ग्राम चरस के साथ पकड़ा था. एसएसपी के अनुसार,

गिरफ्तारी के बाद हमें तसलीम खान के घर की तलाशी लेने की सूचना मिली. वहां हमें एक सुरंग मिली है, जिसकी जांच कराई जा रही है. मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) को भी घर की संरचनात्मक जांच के लिए पत्र लिखा गया है.

शादी मंडप तक जाती है सुरंग, तस्करी में इस्तेमाल का शक
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह सुरंग तसलीम खान के घर से निकलकर पास के एक शादी मंडप तक जाती है. आशंका जताई जा रही है कि इसी रास्ते से नशीले पदार्थों की तस्करी और आवाजाही की जाती थी. फिलहाल, मकान को सील कर दिया गया है. फॉरेंसिक टीम सुरंग और घर की जांच कर रही है. सुरंग के निर्माण और उपयोग को लेकर जांच तेज कर दी गई है.

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 100 मीटर लंबी सुरंग कब और कैसे बनाई गई. इसमें और कौन-कौन लोग शामिल है. कितनी बार इस सुरंग का इस्तेमाल तस्करी के लिए हुआ. वहीं, पुलिस ने अब तसलीम खान की तलाश तेज कर दी है. साथ ही, उसे जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP