अलीपुर से लापता 14 साल की बच्ची लखनऊ में सुरक्षित मिली
Last Updated:
Delhi के अलीपुर में 14 साल की बच्ची 8 अक्टूबर 2025 से लापता थी. क्राइम ब्रांच की NR-II टीम और सीमा रानी की मेहनत से बच्ची लखनऊ से सुरक्षित बरामद हुई.

Delhi Crime News: दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक घर ऐसा भी था, जहां बीते कई हफ्तों से हंसी नहीं, सिर्फ इंतजार और डर था. 14 साल की बेटी अचानक घर से गायब हो गई थी. मां की आंखें हर आहट पर दरवाजे की ओर उठ जाती थीं और पिता हर फोन कॉल में उम्मीद ढूंढते थे. 8 अक्टूबर 2025 से लापता बच्ची की तलाश में परिवार का हर दिन एक नई बेचैनी के साथ गुजर रहा था.
24 दिसंबर 2025 को इस मामले में अलीपुर थाने में औपचारिक रूप से केस दर्ज हुआ. बच्ची के अपहरण या गुमशुदगी की सूचना मिलते ही दिल्ली क्राइम ब्रांच की NR-II टीम हरकत में आ गई. यह सिर्फ एक केस नहीं था, बल्कि एक परिवार की टूटी उम्मीदों को फिर से जोड़ने की जिम्मेदारी थी. इसी सोच के साथ ऑपरेशन मिलाप के तहत बच्ची की तलाश शुरू की गई.
महिला हेड कांस्टेबल सीमा रानी ने इस मामले की कमान संभाली. उन्होंने परिवार से विस्तार से बातचीत की, पड़ोसियों, दोस्तों और रिश्तेदारों से हर छोटी जानकारी जुटाई. बच्ची की आदतें, दोस्तों का दायरा और हाल की गतिविधियों को बारीकी से समझा गया. तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर की खुफिया जानकारी को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ती रही.
लगातार प्रयासों के बाद एक अहम सुराग मिला और टीम लखनऊ, उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई. वहां पता चला कि बच्ची अपने एक दोस्त के साथ बिना परिवार को बताए चली गई थी. यह जानकारी मिलते ही टीम ने तेजी और सतर्कता के साथ कार्रवाई की. आखिरकार, लखनऊ से उस नाबालिग बच्ची को सुरक्षित ढूंढ लिया गया.
जब बच्ची को बरामद किया गया, तो वह डरी और सहमी हुई थी. पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया और काउंसलिंग सपोर्ट दिया गया. बच्ची की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत अलीपुर थाने की स्थानीय पुलिस को सौंपा गया, ताकि आगे की कार्रवाई सही तरीके से हो सके.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें