‘उनका किरदार सड़क से उठा है’, अक्षय खन्ना ने रिजेक्ट कर दिया था अपना लुक, कॉस्ट्यूम डिजाइनर ने किया खुलासा
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर अक्षय खन्ना इन दिनों ‘धुरंधर’ की सक्सेस को एंजॉय कर रहे हैं. रहमान डकैत के किरदार के लिए वह खूब वाहवाही बटोर रहे हैं. हर किसी ने उनकी दमदार परफॉर्मेंस की तारीफ की है. अब ‘धुरंधर’ की कॉस्ट्यूम डिजाइनर स्मृति चौहान ने खुलासा किया कि अक्षय खन्ना ने फिल्म के लिए अपने शुरुआती लुक को रिजेक्ट कर दिया था. फिर उनके कॉस्ट्यूम को लेकर लंबे समय तक चर्चा चली और फिर तय हुआ कि वह अपने रोल के लिए क्या पहनेंगे.
अक्षय खन्ना ने अपने लुक को लेकर दिया था जरूरी सुझाव
स्मृति चौहान ने बताया, ‘हमने उन्हें कुर्ता और जींस भी पहनाई. यह अक्षय सर का अपना जरूरी सुझाव था कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उनका किरदार सड़क से उठा हुआ है. उनकी बात में दम था, क्योंकि फिल्म में हम उनकी तरक्की देखते हैं कि कैसे वह कहानी में आगे चलकर एक पॉलिटिकल पार्टी से जुड़ जाते हैं. इसलिए हमने उनके लुक में एक जर्नी दिखाई कि शुरुआत में वह लिनन कपड़ों और डेनिम में थोड़े परेशान हाल दिखते हैं, और फिर सीधे सिल्क-वूल पठानी में नजर आते हैं, जो फिल्म के सबसे खास लुक्स में से एक है.’
अक्षय खन्ना ने शुरुआत में रिजेक्ट कर दिया था अपना लुक
उन्होंने याद करते हुए आगे बताया कि लुक को लेकर अक्षय खन्ना के साथ काफी चर्चा हुई थी. कई बार ट्रायल्स हुए, जिसमें कढ़ाई वाली भारी-भरकम पठानी शामिल थी, लेकिन अक्षय को वह पसंद नहीं आ रही थी. एक वक्त तो ऐसा आया जब अक्षय ने साफ कह दिया कि मुझे नहीं लगता कि हमें इस तरह का लुक रखना चाहिए. इसके बाद कॉस्ट्यूम डिजाइनर ने उन्हें समझाया कि हमें यह ध्यान रखना होगा कि उनका किरदार जमीन से उठा है, इसलिए उनके अंदाज में वह दिखना बहुत जरूरी है.’
वायरल सीन में कैसे तय हुआ था अक्षय खन्ना का लुक?
स्मृति चौहान ने Fa9la गाने पर अक्षय खन्ना के झूमते हुए वायरल सीन पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में आइडिया यह था कि सभी डांसर्स काले कपड़े पहनेंगे. लेकिन अगर आप असली बलोचियों को देखें, तो वे बहुत ज्यादा सफेद कपड़े पहनते हैं. इसलिए आदित्य सर ने सुझाव दिया कि हमें सफेद के साथ ही जाना चाहिए, क्योंकि यही असली लुक है. फिर हमने तय किया कि अक्षय सर पूरी तरह काले कपड़ों में होंगे और बाकी सभी डांसर्स व्हाइट आउटफिट्स में दिखेंगे.’
गाने में अक्षय खन्ना को जरूरी था अलग दिखाना
उन्होंने आगे कहा, ‘रहमान डकैत को शेर-ए-बलोच का खिताब दिया गया था, इसलिए हमें उसे सबसे अलग दिखाना था. हमने काफी चर्चा की कि उन्हें कौन से शेड्स दिए जाएं, लेकिन मैं श्योर थी कि उन्हें ब्लैक ही पहनना चाहिए. सब तुरंत मान गए और बलोची संस्कृति से जुड़े रहने के लिए मैंने उनके लिए बलोची पठानी ही फाइनल की.’