Boiling Tips Potatoes Eggs । आलू, अंडे, पास्ता और सब्जियां सही तरीके से कैसे उबालें.

Share to your loved once


Boiling Tips: घर में रोज खाना बनता है और हमें लगता है कि उबालना तो सबसे आसान काम है. पानी चढ़ाया, चीज डाली और पकने दिया. लेकिन यहीं पर हम सबसे बड़ी गलती कर बैठते हैं. खाना पकाने का असली खेल सिर्फ मसालों या रेसिपी तक सीमित नहीं होता, बल्कि सही तापमान और सही तरीके से उबालना भी उतना ही जरूरी होता है. कई बार आलू उबालते समय टूट जाते हैं, अंडे फट जाते हैं, सब्जियां रंग खो देती हैं और पास्ता आपस में चिपक जाता है. हम इसे किस्मत या सब्जी की क्वालिटी मान लेते हैं, जबकि असली वजह होती है गलत पानी और गलत तापमान. मास्टरशेफ और कुकिंग एक्सपर्ट पंकज भदौरिया के मुताबिक अगर आप यह समझ लें कि किस चीज को ठंडे पानी से उबालना है और किसे उबलते पानी में डालना है, तो न सिर्फ आपका खाना बेहतर बनेगा बल्कि मेहनत भी आधी रह जाएगी. आलू आसानी से छिलेंगे, अंडे नहीं टूटेंगे और सब्जियां दिखेंगी भी ताजी और स्वाद में भी शानदार होंगी.

आलू उबालने के लिए कौन सा पानी सही है
अक्सर लोग आलू को सीधे उबलते पानी में डाल देते हैं, ताकि जल्दी पक जाए. लेकिन यही सबसे बड़ी गलती होती है. पंकज भदौरिया के अनुसार आलू को हमेशा ठंडे या सामान्य तापमान वाले पानी में ही डालकर गैस पर चढ़ाना चाहिए. जब आलू धीरे धीरे गरम पानी में पकते हैं, तो गर्मी अंदर तक बराबर पहुंचती है. इससे आलू बाहर और अंदर से एक जैसा पकता है.

अगर आप आलू को उबलते पानी में डालेंगे, तो उसका बाहरी हिस्सा तुरंत पक जाएगा और चिपचिपा हो जाएगा, जबकि अंदर का हिस्सा कच्चा रह सकता है. यही वजह है कि ऐसे आलू छीलते समय टूट जाते हैं. ठंडे पानी से शुरू करने पर आलू का छिलका भी आसानी से उतर जाता है और आलू सलाद, सब्जी या पराठे के लिए एकदम परफेक्ट रहते हैं.

अंडे उबालने का सही और आसान तरीका
अंडे उबालते समय छिलका फटना बहुत आम समस्या है. जैसे ही अंडा फटता है, उसका सफेद हिस्सा बाहर निकल आता है और अंडा देखने में भी खराब लगता है. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह होती है अचानक तापमान बदलना. पंकज भदौरिया की सलाह है कि अंडों को कभी भी सीधे उबलते पानी में न डालें. अंडों को पहले बर्तन में रखें और ऊपर से ठंडा पानी डालें. इसके बाद बर्तन को गैस पर रखें. जब पानी धीरे धीरे गरम होगा, तो अंडे का छिलका तापमान के साथ खुद को एडजस्ट कर लेगा और फटेगा नहीं. इससे अंडा अंदर से भी अच्छे से पकता है और उबालने के बाद छिलका आसानी से उतर जाता है.

पास्ता और नूडल्स के लिए ठंडा नहीं उबलता पानी जरूरी
आलू और अंडे के ठीक उलट, पास्ता, मैकरोनी और नूडल्स को हमेशा उबलते पानी में ही डालना चाहिए. पास्ता में स्टार्च होता है और अगर उसे ठंडे पानी में डाल दिया जाए, तो पानी गरम होने तक वह आपस में चिपक जाएगा और लुगदी जैसा बन सकता है. उबलते पानी में पास्ता डालने से उसकी बाहरी परत तुरंत सेट हो जाती है और वह खिला खिला रहता है. पानी में थोड़ा सा नमक और कुछ बूंद तेल डालने से पास्ता का स्वाद भी अच्छा आता है और वह आपस में चिपकता नहीं.

हरी सब्जियों के लिए उबलता पानी क्यों जरूरी है
हरी सब्जियों को उबालते समय सबसे बड़ी चिंता उनका रंग और पोषण बचाने की होती है. अगर सब्जियों को ठंडे पानी में डालकर उबाला जाए, तो वे देर तक पानी में रहती हैं और ज्यादा गल जाती हैं. इससे उनका हरा रंग फीका पड़ जाता है और स्वाद भी चला जाता है. शेफ पंकज भदौरिया के अनुसार हरी सब्जियों को हमेशा उबलते पानी में ही डालना चाहिए. 2 से 3 मिनट उबालने के बाद उन्हें तुरंत ठंडे पानी में डाल दें. इस तरीके से सब्जियों का रंग भी चमकदार रहता है और वे हल्की क्रंची भी बनी रहती हैं.

View this post on Instagram



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP