Shayan Jahangir Jordan Cox smashed fifties: वर्ल्ड ILT20 में शयान जहांगीर और जॉर्डन कॉक्स ने अपने दमदार खेल से दुबई कैपिटल्स को प्लेऑफ में पहुंचाया.
दुबई: शयान जहांगीर और जॉर्डन कॉक्स की दमदार फिफ्टी से डिफेंडिंग चैंपियन दुबई कैपिटल्स की टीम वर्ल्ड ILT20 के प्लेऑफ में पहुंच गई है. दुबई कैपिटल्स की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए शारजाह वॉरियर्स पर छह विकेट से जीत हासिल की. सिर्फ बल्लेबाजी में ही नहीं, शयान जहांगीर ने विकेटकीपिंग में भी दमदार खेल दिखाया और खतरनाक टॉम कोहलर-कैडमोर को स्टंप आउट किया, जिससे उनका ऑलराउंड खेल दिखा.
शारजाह वॉरियर्स के खिलाफ 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दुबई कैपिटल्स ने जहांगीर की तेज शुरुआत और जॉर्डन कॉक्स (नाबाद 61 रन, 50 गेंद, 4 चौके, 1 छक्का) की शानदार पारी से आसानी से जीत हासिल की. जहांगीर और कॉक्स ने 63 गेंदों में 76 रन की साझेदारी की, जब कैपिटल्स ने सिर्फ 17 रन पर ओपनर सेदिकुल्लाह अतल का विकेट गंवा दिया था. हरमीत सिंह ने उन्हें बोल्ड किया.
पहले विकेट के कैपिटल्स दिखाया दमदार खेल
शुरुआती विकेट मिलने के बाद वॉरियर्स को अगले विकेट लिए काफी इंतजार करना पड़ा. हालांकि, सिकंदर रजा ने 14वें ओवर में लगातार दो अहम विकेट लेकर टीम को वापसी कराने की कोशिश जरूर की थी, लेकिन उससे कुछ फायदा नहीं हुआ. रजा ने पहले जहांगीर और फिर मोहम्मद नबी को आउट किया था. टास्किन अहमद ने 17वें ओवर में लियूस डु प्लॉय (5 रन, 6 गेंद) को आउट किया, लेकिन जॉर्डन कॉक्स ने बिना दबाव के लक्ष्य पूरा कर लिया.
दुबई के गेंदबाजों ने भी किया कमाल
दुबई कैपिटल्स के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और वॉरियर्स को सिर्फ 134/8 रन पर रोक दिया, जिसमें हैदर अली और वकार सलामखेल ने दो-दो विकेट लिए. अली ने चार ओवर में सिर्फ 13 रन दिए. डेविड विली, मुस्तफिजुर रहमान और मोहम्मद नबी ने एक-एक विकेट लिया और टीम की लगातार तीसरी जीत में योगदान दिया, जिससे वे प्ले-ऑफ में पहुंच गए.
शारजाह वॉरियर्स की बल्लेबाजी रही खराब
पहले बल्लेबाजी करते हुए शारजाह वॉरियर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर मोनांक पटेल (24 रन, 13 गेंद) को डेविड विली ने रन आउट किया. टॉम कोहलर-कैडमोर (3 रन, 4 गेंद) भी जल्दी आउट हो गए, उन्हें शयान जहांगीर ने स्टंप किया. 10 ओवर में 65/3 के स्कोर पर वॉरियर्स को मजबूत साझेदारी की जरूरत थी. ओपनर जॉनसन चार्ल्स और पावर हिटर सिकंदर रज़ा के बीच कुछ उम्मीद थी. रजा (8 रन, 11 गेंद) को जहांगीर ने एक आसान कैच छोड़ दिया, लेकिन वह मौका नहीं भुना सके और मुस्तफिजुर रहमान ने उन्हें कैच एंड बोल्ड आउट कर दिया.
चार्ल्स भी कुछ ओवर बाद आउट हो गए, जब उन्होंने लॉन्ग ऑन की तरफ शॉट खेला और विली ने शानदार कैच लिया. इसके बाद वॉरियर्स ने अंतिम ओवरों में चार विकेट गंवा दिए, हालांकि आखिरी दो ओवर में 24 रन बने. आदिल राशिद और हरमीत सिंह ने तेज 14-14 रन बनाए. टिम साउदी (5 रन, 2 गेंद) ने भी योगदान दिया और टीम ने 20 ओवर में 134/8 रन बनाए.