Aaj Ka Mausam | Christmas Weather Forecast | IMD Dense Fog Alert | IMD Cold Wave Forecast | Delhi-NCR AQI | आज का मौसम: क्रिसमस के दिन आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-NCR में क्या है AQI का हाल? IMD का आया अलर्ट – imd india meteorological department christmas day weather forecast aaj ka mausam dense fog cold wave alert delhi ncr aqi
IMD Weather Forecast Today: आज यानी गुरुवार 25 दिसंबर 2025 को पूरी दुनयिा में क्रिसमस का त्योहार मनाया जा रहा है. इस तरह साल के अंतिम सप्ताह में दो फेस्टिवल (क्रिसमस और नए साल का जश्न) होने से माहौल खुशनुमा रहता है. इस बार मौसम की मार कुछ ज्यादा है. ऐसे में लोगों में इस बात को लेकर उत्सुकता है कि क्रिसमस पर मौसम का मिजाज कैसा रहेगा? आउटडोर पार्टी कर सकेंगे या जानलेवा एयर पॉल्यूशन की वजह से घरों में ही बंद रहना होगा? भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से 25 दिसंबर को लेकर मौसम अपडेट जारी किया गया है. IMD ने कहीं घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने तो कहीं शीत लहर का प्रकोप रहने की संभावना जताई है. दिल्ली-एनसीआर में भी घने कोहरे का अलर्ट है, लेकिन बुधवार को चटख धूप निकलने और हवा की रफ्तार थोड़ी ज्यादा होने का असर गुरुवार को भी देखा गया. सुबह के समय एक तरफ जहां मौसम साफ था तो दूसरी तरफ वायु प्रदूषण में भी बीते दिनों की तुलना में सुधार देखी गई. 25 दिसंबर की सुबह दिल्ली के आनंद विहार इलाके में AQI 280 रिकॉर्ड किया गया. हालांकि, यह पूअर कैटेगरी (खराब श्रेणी) में है, लेकिन पिछले कई दिनों के मुकाबले वायु प्रदूषण की हालत कुछ बेहतर है. बता दें कि एयर पॉल्यूशन पर कंट्रोल के लिए सरकार की तरफ से कई तरह के कदम उठाए गए हैं. एक्यूआई के लेवल में कमी आने के बाद फिलहाल GRAP-4 को हटा लिया गया है. इससे सख्त प्रतिबंधों में कुछ राहत मिली है.
IMD के अनुसार, देश के बड़े हिस्से में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 दिसंबर तक, जबकि जम्मू संभाग के अलग-अलग इलाकों में 27 दिसंबर तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने बताया है कि बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर असम के कुछ हिस्सों में 29 दिसंबर तक, पश्चिम बंगाल और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 दिसंबर तक तथा पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भी 26 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है. बिहार में 26 से 28 दिसंबर के बीच कोहरे का असर अधिक रहने के आसार हैं.
दिल्ली में AQI लेवल में कुछ सुधार देखने को मिला है. इसके बाद GRAP-4 हटा दिया गया है. (CPCB की वेबसाइट से साभार)
कोल्ड-डे का अलर्ट
उत्तराखंड में 26 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर शीत दिवस (Cold Day) से लेकर भीषण शीत दिवस (Severe Cold Day) की स्थिति बन सकती है. वहीं, बिहार के अलग-अलग इलाकों में 28 दिसंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 दिसंबर तक शीत दिवस की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 26 और 27 दिसंबर को शीत लहर चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जबकि उसके बाद अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. पूर्वोत्तर भारत में फिलहाल अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है. देश के अन्य हिस्सों में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.
कोहरा और शीत लहर को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने इसके साथ ही कई राज्यों के लिए घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में अलग-अलग तिथियों पर कोहरे का असर देखा जा सकता है. साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 25 से 27 दिसंबर के बीच शीत लहर की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करते वक्त सतर्क रहने की सलाह दी है. कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है.