नए साल और क्रिसमस में सस्ती शराब और बीयर तलाश करने वाले हो जाएं सावधान! पढ़ लें यह खबर, अक्ल ठिकाने आ जाएगी-delhi police exposed illegal liquor racket those looking for cheap wine and beer for new year christmas celebrations read this news
नई दिल्ली. दिल्ली में क्रिसमस और नए साल के जश्न की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन इन खुशियों के बीच काली कमाई करने वाले गिरोह और तस्कर भी सक्रिय हो गए हैं. ये लोग विदेशी ब्रांड के नाम पर सस्ती दरों पर ब्रांडेड शराब और बीयर की बोतलें कम दाम पर बेचना चाह रहे हैं. लेकिन दिल्ली पुलिस एक्टिव है और पूरे दिल्ली में सघन छापेमारी चल रही है. इस कड़ी में दिल्ली पुलिस की ईस्ट डिस्ट्रिक्ट टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांडव नगर इलाके में अवैध शराब के एक बड़े गोदाम का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से 163.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसे पार्टी सीजन के दौरान दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर खपाने की योजना थी.
दिल्ली पुलिस 22 और 23 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात को रेड कर अवैध शराब की बरामदगी की है. पांडव नगर थाना पुलिस की एक विशेष टीम इलाके में सघन गश्त कर रही थी. रात के सन्नाटे में जब टीम ई-ब्लॉक के पास पहुंची, तो उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में हाथ में शराब की बोतलें लिए खड़ा दिखाई दिया. जैसे ही उसकी नजर पुलिस की जिप्सी पर पड़ी, वह घबरा गया और पास के एक मकान में तेजी से घुस गया.
सावधान! नए साल का जश्न हो सकता है फीका
पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए उसका पीछा किया और घर के भीतर दाखिल हो गई. अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. वहां भारी मात्रा में शराब की पेटियां रखी हुई थीं और एक दूसरा युवक उन बोतलों की गिनती कर रहा था. पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान वहां से कुल 163.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब बरामद की
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पहचान निकी और इसरार के रूप में की है. दोनों ही पूर्वी दिल्ली के समसपुर इलाके के रहने वाले हैं. पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस को भी चौंका दिया. निकी और इसरार केवल मोहरे थे. उन्होंने बताया कि वे राहुल नाम के एक व्यक्ति के लिए काम करते हैं, जो इस पूरे अवैध कारोबार का सरगना है. राहुल ने उन्हें केवल 10,000 रुपये प्रति माह की सैलरी पर इस काम के लिए रखा था. जिस घर से शराब बरामद हुई, वह भी राहुल का ही है, जिसे उसने ‘शराब के गोदाम’ के तौर पर इस्तेमाल किया था.
जश्न में जहर घोलने की तैयारी
दिल्ली पुलिस के बरामद शराब की वैरायटी देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि तस्करों ने हाई-प्रोफाइल पार्टियों को निशाना बनाया था. पुलिस ने मौके से रॉकफोर्ड क्लासिक व्हिस्की के 90 क्वार्टर, जेमसन आयरिश व्हिस्की की 12 महंगी बोतलें, मैजिक मोमेंट्स वोदका के 36 क्वार्टर, रॉयल ग्रीन व्हिस्की के 199 क्वार्टर और मेडुसा बियर के 192 कैन बरामद किए हैं. इनमें से 67.5 लीटर शराब हरियाणा में बिक्री के लिए थी, जबकि 96 लीटर दिल्ली के लिए आरक्षित थी.
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि निकी केवल 8वीं पास है और इसरार 9वीं तक पढ़ा है. दोनों मजदूरी का काम करते थे, लेकिन क्रिसमस और नए साल पर जल्दी पैसा कमाने के लालच में वे राहुल के सिंडिकेट में शामिल हो गए. डीसीपी ईस्ट अभिषेक धनिया ने बताया कि राहुल फिलहाल फरार है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस अब इस पूरे सप्लाई चेन और सोर्स का पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी ब्रांड की शराब इन तक कैसे पहुंच रही थी.