Varanasi News : करोड़ों के कोडीन कफ सिरप रैकेट पर शिकंजा, शुभम जायसवाल के करीबियों पर भी लुकआउट नोटिस
वाराणसी : कोडीन युक्त कफ सिरप के करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. यह मुद्दा विधानसभा तक पहुंच चुका है, जहां सरकार ने इस पर अपना रुख स्पष्ट किया है. इसी बीच इस पूरे काले कारोबार के कथित किंगपिन शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. वहीं दूसरी ओर खाद्य सुरक्षा एवं औषधीय प्रशासन की टीम भी लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है.
एफएसडीए अब तक इस मामले में 22 दवा फर्मों के लाइसेंस निरस्त कर चुकी है, जबकि कई अन्य फर्मों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है. पहले चरण में 12 फर्मों के लाइसेंस रद्द किए गए थे, इसके बाद 7 और फर्मों पर कार्रवाई हुई. ताजा कार्रवाई में जायसवाल मेडिकल, न्यू पीएल फार्मा और आशा डिस्ट्रीब्यूटर के लाइसेंस भी निरस्त कर दिए गए हैं.
कड़ी कार्रवाई की तैयारी
एफएसडीए के सहायक आयुक्त (ड्रग) पीसी रस्तोगी ने बताया कि कई दवा फर्मों को नोटिस जारी कर कोडीन युक्त कफ सिरप की खरीद और बिक्री का पूरा विवरण मांगा गया था, लेकिन संबंधित फर्मों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया. नोटिस का जवाब न मिलने के कारण उनके खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन अन्य फर्मों को नोटिस दिए गए हैं, यदि उनसे भी जवाब नहीं मिला तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
पहले इन फर्मों के लाइसेंस हुए थे निरस्त
इस मामले में पहले जिन फर्मों पर कार्रवाई हुई, उनमें हर्ष फार्मा, श्री हरी फार्मा एंड सर्जिकल एजेंसी, वीएसएम फार्मा, अनवुंया मेडिकल एजेंसी, काल भैरव ट्रेडर्स, डीएसए फार्मा, हरिओम फार्मेसी, देवनाथ फार्मेसी, निशांत फार्मा, सौम्या मेडिकल, खाटू फार्मा, श्यामा फार्मा सहित कई अन्य फर्में शामिल हैं.
इन पर भी लटक रही कार्रवाई की तलवार
गुप्ता ट्रेडिंग, हर्ष मेडिकल एजेंसी, मिलन ड्रग सेंटर, बदरीनाथ फार्मेसी, श्री केदार मेडिकल एजेंसी समेत कई अन्य फर्मों से भी जवाब मांगा गया है. यदि इनकी ओर से संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई तो इनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं.
बुलडोजर एक्शन की भी तैयारी
उधर, इस पूरे मामले में वाराणसी पुलिस भी पूरी तरह एक्शन मोड में है. सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो सकती है. पुलिस ने शुभम जायसवाल के चार सहयोगियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है, जिनमें दिवेश जायसवाल, अमित जायसवाल और दो अन्य शामिल हैं. आशंका जताई जा रही है कि ये लोग भी विदेश फरार हो सकते हैं. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि शुभम और उसके करीबियों की संपत्तियों का आकलन किया जा रहा है और उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू हो सकती है.