अगर आप विराट कोहली के फैन हैं तो इस खबर को जरूर पढ़ना चाहेंगे, आज ही के दिन पहली बार गूंजा था नाम
Last Updated:
Virat Kohli First Century: 16 साल पहले 2009 में आज ही के दिन विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला शतक बनाया था. श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में विराट के बल्ले से 107 रन की पारी निकली थी. मौजूदा भारतीय कोच गौतम गंभीर ने भी 150 रन बनाए थे. इन पारियों के दम पर भारत ने 317 रन बनाकर 7 विकेट से मैच जीता था.
विराट कोहली का पहला इंटरनेशनल शतकनई दिल्ली. अगर आप विराट कोहली के फैन हैं, तो आज का दिन आपके लिए भी खास है. इंटरनेशनल क्रिकेट में आज ही के दिन विराट कोहली का नाम गूंजा था. विराट कोहली किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. भारत के इस दिग्गज बल्लेबाज ने तीनों फॉर्मेट में रिकॉर्ड्स और रनों की अंबार लगाया. सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों के बाद विराट कोहली ही इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा सेंचुरी बनाने वाले बल्लेबाज हैं. हालांकि, इसकी शुरुआत 16 साल पहले हुई थी, जिस दिन पहली बार विराट कोहली ने हेमलेट उतारकर और बल्ला उठाकर शतक का जश्न मनाया. जी हां, 24 दिसंबर, 2009 को विराट कोहली ने पहली इंटरनेशनल सेंचुरी बनाई थी.
विराट कोहली का पहला इंटरनेशनल शतक
24 दिसंबर. यही वह दिन था, जब पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली के शतक की गूंज सुनाई दी. आज ही के दिन विराट कोहली ने अपने करियर की पहली इंटरनेशनल सेंचुरी लगाई थी. खास बात यह है कि चेज मास्टर कहलाने वाले विराट कोहली के बल्ले से रन चेज के दौरान ही पहली इंटरनेशनल सेंचुरी आई. दिलचस्प यह भी है कि जिस फॉर्मेट में विराट कोहली दुनिया के सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं, उसी में उनका पहला शतक आया. वनडे में ही विराट ने पहला 100 बनाया था.
किस टीम के खिलाफ जमाया पहला शतक?
24 दिसंबर, 2009. कोलकाता ईडन गार्डन्स का मैदान में भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का चौथा वनडे मैच खेला जा रहा था. श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 300+ का बड़ा स्कोर बनाया. भारत को जीत के लिए 316 रन बनाने थे. ओपनिंग करने आए वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर 23 रन के टीम स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे. यहां से लग रहा था कि भारत यह मैच हार जाएगा, लेकिन कोहली तो कुछ अलग ही ठान कर आए थे. चार नंबर पर आए कोहली ने धीरे-धीरे अपनी पारी बुनी और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला सैकड़ा जमा दिया. विराट कोहली ने 114 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन की पारी खेली थी, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा. बस यहीं से उनके शतक लगाने का सिलसिला शुरू हो गया.
भारत ने जीता था मैच
विराट कोहली के यह मुकाबला यादगार भी रहा, क्योंकि भारत ने 300 से ऊपर का टारगेट 11 गेंदें रहते हासिल कर श्रीलंका पर 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी. विराट कोहली के अलावा टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर ने 150 रन की पारी पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. कोहली और गंभीर के बीच तीसरे विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी हुई थी.
विराट कोहली के नाम कितने शतक?
विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 84 सेंचुरी बना चुके हैं. वह भारत के लिए अभी सिर्फ एक ही फॉर्मेट (वनडे) खेल रहे हैं. वनडे में विराट कोहली दुनिया के सबसे ज्यादा 53 शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 2023 में सचिन तेंदुलकर के पुराने 49 वनडे शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ा था. वनडे के अलावा कोहली के नाम टेस्ट में 30 और टी20 इंटरनेशनल में एक शतक दर्ज है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें