अनानास चटनी रेसिपी: घर पर बनाएं स्वादिष्ट Pineapple Chutney
Pineapple Chutney recipe : अगर रोज़ का खाना आपको थोड़ा फीका लगने लगा है, तो अब परेशान होने की ज़रूरत नहीं. बस एक चम्मच पाइनएप्पल चटनी और सिंपल दाल-चावल या रोटी-सब्ज़ी भी खास बन जाएगी. इसका मीठा और चटपटा स्वाद जब जुबान पर घुलता है, तो खाने का मज़ा अपने आप दोगुना हो जाता है. इस चटनी की सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें ज़्यादा मेहनत भी नहीं लगती. खास मेहमान हों या रोज़ का खाना, पाइनएप्पल चटनी हर मौके पर प्लेट की शान बढ़ा देती है. अब देर किस बात की, ट्राय करें ये टेस्टी रेसिपी और सबको खुश कर दें.
अनानास चटनी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि
अनानास चटनी बनाने के लिए सामग्री-
पका अनानास – 2 कप
नारियल कद्दूकस – 1 कप
दही – 1 कप
राई – 1/2 टी स्पून
अदरक टुकड़ा – 2 इंच
हरी मिर्च – 2
सरसों बीज – 1/2 टी स्पून
सूखी लाल मिर्च – 2
कढ़ी पत्ता – 15-20
तेल – 1 टेबलस्पून
नमक – स्वादानुसार
अनानास चटनी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि
स्टेप 1: अनानास की तैयारी
सबसे पहले पके हुए अनानास को अच्छी तरह छील लें और छोटे टुकड़ों में काट लें. ध्यान रखें कि अनानास पूरी तरह पका हो, ताकि चटनी में नेचुरल मिठास आए. अब अदरक को धोकर मोटे टुकड़ों में काट लें और हरी मिर्च को भी हल्का सा तोड़ लें.
स्टेप 2: अनानास पकाना
अब एक गहरे बर्तन में आधा कप पानी डालकर गैस पर रखें. पानी गर्म हो जाए तो उसमें कटे हुए अनानास, अदरक, हरी मिर्च और स्वादानुसार नमक डाल दें. इसे मीडियम आंच पर पकने दें. जब अनानास नरम और हल्का गल जाए, तब अदरक के टुकड़े निकाल लें. अब अनानास को धीमी आंच पर हल्का उबलने दें.
स्टेप 3: नारियल का पेस्ट तैयार करें
दूसरी तरफ कद्दूकस किया हुआ नारियल और सूखी लाल मिर्च लें. इन्हें मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. अब इसमें क्रश किए हुए सरसों के बीज मिलाएं और एक बार फिर हल्का सा चला लें.
स्टेप 4: चटनी पकाना
तैयार नारियल का पेस्ट उबलते हुए अनानास में डाल दें. साथ ही दही भी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब इसे 5–7 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं, ताकि सभी फ्लेवर अच्छे से मिक्स हो जाएं. गैस बंद कर दें.
स्टेप 5: तड़का लगाएं
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. उसमें राई डालकर चटकने दें. फिर सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ता डालकर कुछ सेकंड भून लें. तैयार तड़के को चटनी के ऊपर डालें और हल्के हाथ से मिला लें.
आपकी स्वादिष्ट, मीठी-चटपटी अनानास की चटनी तैयार है. इसे रोटी, चावल या साउथ इंडियन खाने के साथ सर्व करें.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.