आज के एक करोड़ की वैल्यू 10 साल बाद क्या होगी, यही फेल करता है रिटायरमेंट प्लानिंग, जानें इस चक्रव्यूह को तोड़ने का तरीका
Last Updated:
Inflation Calculator : महंगाई से पाला तो आपका रोज ही पड़ता है, लेकिन क्या आपने कभी लंबे समय के लिए इसका अंदाजा लगाया है. सोचिए कि आज आपके पास 1 करोड़ रुपये हैं तो 10 साल बाद इन पैसों की कितनी कीमत रह जाएगी. इन पैसों से तब आप क्या खरीद सकेंगे.
रिटायरमेंट प्लानिंग करते समय महंगाई के असर को जरूर ध्यान में रखना चाहिए. नई दिल्ली. हम भारतीयों में से ज्यादातर को लगता होगा कि एक करोड़ रुपये मिल जाएं तो जिंदगी बदल जाएगी. हो भी सकता है कि आज 1 करोड़ रुपये की वैल्यू इतनी हो कि आपकी जिंदगी बदल जाए, लेकिन अंदाजा लगाइये कि 10 साल बाद आपके इस 1 करोड़ की कितनी वैल्यू रह जाएगी. इस बात को समझने के बाद ही अपनी रिटायरमेंट प्लानिंग शुरू करें, क्योंकि आप आज के हिसाब से अपने लिए रिटायरमेंट पर 1 करोड़ रुपये मिलने के हिसाब से निवेश कर रहे हैं तो इस चक्रव्यूह में फंसकर रह जाएंगे. जो निवेशक इस चक्रव्यूह को तोड़कर आता है, वही रिटायरमेंट के बाद सुकून से जिंदगी काटता है.
सबसे पहले तो यह समझते हैं कि आखिर आपके पैसों की वैल्यू समय के साथ कम क्यों होती जाती है. आज के 100 रुपये की वैल्यू आने वाले 10 साल बाद क्यों कम हो जाती है, इसे समझना बहुत जरूरी होता है. यह सारा चक्रव्यूह रचा जाता है महंगाई के इर्द-गिर्द. समय के साथ चीजें महंगी होती जाती हैं और इसके मुकाबले आपके पैसों की कीमत कम. मान लीजिए आज किसी सामान की कीमत 100 रुपये है और सालाना महंगाई की दर 5 फीसदी तो 10 साल बाद इस सामान की कीमत डेढ़ गुनी से ज्यादा हो जाएगी. इसका मतलब है कि तब आपको इस सामान को खरीदने के लिए 150 रुपये से भी ज्यादा का भुगतान करना होगा.
1 करोड़ का फ्लैट मिलेगा 2 करोड़ में
महंगाई के इस चक्रव्यूह को समझने के लिए आप दिल्ली-एनसीआर में मकान की कीमत को आधार बनाकर देखिए. मान लीजिए आज आपको नोएडा में 2 बीएचके फ्लैट 1 करोड़ रुपये मिल रहा है तो 10 साल बाद इस फ्लैट की कीमत क्या होगी. एनसीआर के लोगों को इसका अंदाजा आसानी से लग जाएगा कि 10 साल में इसकी कीमत 1 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ रुपये हो सकती है. न तो आपके अपार्टमेंट का साइज बदलेगा और न ही लोकेशन, लेकिन महंगाई ने इसकी कीमत बढ़ा दी और आपके रुपये की वैल्यू घटा दी. जाहिर है कि अन्य सभी सामानों की कीमतों पर भी महंगाई का यह चक्रव्यूह लागू होगा और आपके लिए जिंदगी को आरामदायक बनाना मुश्किल हो जाएगा. न सिर्फ मकान, बल्कि हेल्थकेयर, शिक्षा, खाना-पीना और परिवहन भी महंगा हो जाएगा.
महंगाई कैसे रचती है चक्रव्यूह
रिजर्व बैंक ने महंगाई का एक आरामदायक दायरा तय किया है. उसका कहना है कि अगर महंगाई 4 से 6 फीसदी के दायरे में रहती है तो ज्यादा चिंता की बात नहीं है. हम इसके बीच का पकड़कर चलते हैं और मान लेते हैं कि सालाना महंगाई करीब 5 फीसदी के आसपास रहेगी. इस महंगाई दर से 1 करोड़ रुपये की वैल्यू अगले 10 साल में क्या रह जाएगी. इस बात को समझकर आप निवेश शुरू करते हैं तो ज्यादा रिटर्न वाले विकल्पों को समझकर बढ़ना होगा, क्योंकि एफडी जैसे विकल्प आपको 7 फीसदी के आसपास ही रिटर्न हैं, जिसमें 5 फीसदी महंगाई खा जाती है और वास्तविक रिटर्न सिर्फ 2 फीसदी रह जाता है.
…तो कितना रह जाएगा 1 करोड़
अब जबकि आपने हर साल महंगाई की दर 5 फीसदी मान ली है तो अगले 10 साल तक आपके 1 करोड़ में से 5 फीसदी वैल्यू घटती चली जाएगी. आप देखेंगे कि 10 साल में 1 करोड़ की पर्चेजिंग पॉवर सिर्फ 61.37 लाख रुपये रह जाएगी. इसका मतलब है कि जो सामान आज आपको 1 करोड़ रुपये का पड़ रहा है, वह 10 साल बाद आपको 1,62,88,946 करोड़ रुपये में मिलेगा. जाहिर है कि आपको अपना पैसा ऐसी जगह लगाना होगा, जहां से इतना रिटर्न आ जाए कि महंगाई से बढ़ती इस कॉस्ट को पार करके भी अच्छा-खासा पैसा लौटा दे.
कैसे तोड़ें इस चक्रव्यूह को
- एफडी : अगर आप 1 करोड़ का निवेश एफडी में करते हैं और सालाना औसत 7 फीसदी का रिटर्न मिलता है तो 10 साल में रिटर्न होगा 1,00,15,973 और कुल पैसे मिलेंगे 2,00,15,973 रुपये. यानी महंगाई निकालकर सिर्फ 37,27,027 रुपये बचेंगे.
- म्यूचुअल फंड : अगर आप म्यूचुअल फंड में यही 1 करोड़ की रकम लगाते हैं, जहां सालाना औसत रिटर्न 10 से 11 फीसदी का होता है तो 10 साल में कुल ब्याज मिलेगा 1,83,94,210 रुपये और आपके 1 करोड़ बढ़कर हो जाएंगे 2,83,94,210 रुपये. यानी महंगाई काटकर भी आपके पास बचेंगे 1,21,05,264 रुपये.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें