Team India: सूर्यकुमार यादव के बाद कौन होगा भारतीय टी20 टीम का अगला कप्तान? ये तीन खिलाड़ी दावेदार
Last Updated:
Contenders for captaincy of india in T20: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम की कमान संभालेंगे और टाइटल डिफेंड करने उतरेंगे. उनके बाद टीम इंडिया का इस फॉर्मेट में अगला कप्तान कौन होगा. इसके लिए तीन दावेदार हैं.
सूर्यकुमार यादव के बाद कौन होगा भारत का टी20 कप्ताननई दिल्ली. टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेलने उतरेगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इसके लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. इस फॉर्मेट में उपकप्तान शुभमन गिल को खराब फॉर्म के चलते टीम में नहीं चुना गया. अक्षर पटेल को सूर्यकुमार यादव का डिप्टी बनाया गया है. टीम चयन के बाद कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि सूर्यकुमार यादव का कप्तान के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है. अगर सूर्यकुमार यादव को टूर्नामेंट के बाद कप्तानी से हटाया जाता है तो कौन अगला टी20 कप्तान होगा? आइए हम तीन दावेदार खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं.
कैसा है सूर्यकुमार यादव का कप्तानी रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने भारत को 2024 टी20 वर्ल्ड कप जिताया, जिसके बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया. माना जा रहा था कि हार्दिक पंड्या इस फॉर्मेट के अगले कप्तान हो सकते हैं, लेकिन सेलेक्टर्स ने सूर्यकुमार यादव को यह जिम्मेदारी सौंपी. बतौर कप्तान सूर्या का अब तक का कार्यकाल शानदार रहा है. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया कोई भी टी20 सीरीज नहीं हारी है. उनकी कप्तानी में भारत ने 39 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें 28 जीत शामिल हैं. वहीं, सिर्फ 6 ही मैचों में भारत को हार मिली है. हालांकि, 2025 में वह बल्ले से रंग जमाने में कामयाब नहीं हुए. अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 तक भी उनका बल्ला नहीं चलता है तो उनकी कप्तानी भी जा सकती है. ऐसे में टीम का अगला कप्तान कौन होगा. चलिए इस पद के दावेदार तीन नाम बताते हैं.
सूर्यकुमार यादव के बाद कौन होगा भारत का टी20 कप्तान
शुभमन गिल
भले ही शुभमन गिल खराब फॉर्म के चलते टीम से बाहर हैं, लेकिन इस रेस में सबसे आगे और सबसे मजबूत दावेदार वही हैं. भारत में आमतौर पर तीनों फॉर्मेट के लिए एक ही कप्तान रखने की सोच रही है और ऐसा माना जा रहा है कि भविष्य में गिल को टी20 टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है. वह पहले से ही वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान हैं. रोहित शर्मा के टेस्ट से हटने के बाद उन्हें कमान सौंपी गई, जबकि इसके बाद वनडे में भी उन्हें कप्तान बना दिया गया. सूर्यकुमार यादव के हटने के बाद गिल को उनका स्वाभाविक उत्तराधिकारी माना जा रहा है.
श्रेयस अय्यर
चोट के चलते टीम से बाहर चल रहे स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने पिछले दो सालों में जबरदस्त वापसी की है. उन्होंने आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जिताया और 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया. गिल के मुकाबले अय्यर के पास कप्तानी का ज्यादा अनुभव है, जो उन्हें एक मजबूत दावेदार बनाता है. श्रेयस अय्यर में लीडरशिप साफ नजर आती है. कप्तानी की जिम्मेदारी उनके खेल को और निखार देती है. आईपीएल 2025 में उन्होंने 50 से ज्यादा की औसत और 175 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए. वनडे क्रिकेट में वह पहले से ही खुद को साबित कर चुके हैं. अगर वह टी20 इंटरनेशनल में आने वाले समय में मजबूत वापसी करते हैं तो कप्तानी की रेस में उनकी दावेदारी और मजबूत हो सकती है.
अक्षर पटेल
अक्षर पटेल भी कप्तानी के दावेदार हैं. उन्हें टी20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए उपकप्तान बनाया गया है. इंग्लैंड के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में वह भारतीय टीम के उपकप्तान थे. आईपीएल 2025 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की, जहां टीम प्लेऑफ से थोड़ा चूक गई. 31 साल के अक्षर ड्रेसिंग रूम में सीनियर खिलाड़ी हैं और वनडे व टी20 टीम के अहम सदस्य हैं. अक्षर ने भारत की 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका निभाई थी.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें