तीखा, मीठा या चटपटा! रायपुर में हिट है ये राजस्थानी मिक्स भेल, नोट करें ये लजीज रेसिपी – Chhattisgarh News

Share to your loved once


Raipur Food News : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इन दिनों चल रहा स्वदेशी मेला लोगों के लिए खरीदारी के साथ-साथ लाजवाब देसी स्वाद का भी केंद्र बन गया है. मेले में राजस्थान से आए वीरेंद्र सिंह तोमर अपनी खास बॉम्बे स्टाइल स्पेशल भेल के जरिए खास पहचान बना रहे हैं. भेल के शौकीनों के लिए उनका स्टॉल किसी स्वादिष्ट तोहफे से कम नहीं है, जहां हर प्लेट में मुंबई की झलक और राजस्थानी अनुभव एक साथ देखने को मिल रहा है.

स्वदेशी मेले में अपनी खास चाट वैरायटी के साथ मौजूद
वीरेंद्र सिंह तोमर मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और इन दिनों रायपुर में आयोजित स्वदेशी मेले में अपनी खास चाट वैरायटी के साथ मौजूद हैं. उनके स्टॉल पर बनने वाली बॉम्बे स्टाइल भेल को लोग बेहद पसंद कर रहे हैं. खास बात यह है कि यहां मिलने वाली चाट पापड़ी, झालमुरी, सेव पूरी और पीनट मसाला जैसी डिशेस आमतौर पर छत्तीसगढ़ में कम देखने को मिलती हैं, लेकिन स्वदेशी मेले के जरिए रायपुरवासियों को इन खास स्वादों का आनंद मिल रहा है.

स्टॉल पर सबसे ज्यादा डिमांड मिक्स भेल
रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान, लाखे नगर चौक मैदान और भांठागांव स्थित रावण भांठा मैदान में आयोजित मेलों में लोग वीरेंद्र सिंह तोमर की भेल का स्वाद ले सकते हैं. उनके स्टॉल पर सबसे ज्यादा डिमांड मिक्स भेल की रहती है, जिसकी कीमत मात्र 50 रुपए प्रति प्लेट रखी गई है. वीरेंद्र सिंह तोमर के अनुसार रोजाना करीब 50 प्लेट सिर्फ मिक्स भेल की बिक्री हो जाती है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है.

मिक्स भेल की रेसिपी के बारे में जानकारी देते हुए वीरेंद्र सिंह तोमर बताते हैं कि इसमें थोड़ा मुर्रा, पीनट, मिक्स मिक्चर, चना झोर गरम, पापड़ियां, मिक्स सेव, उबला आलू, प्याज, हरी मिर्च और ताजा धनिया मिलाया जाता है. इसके बाद ग्राहकों की पसंद के अनुसार तीखा, स्पाइसी, चटपटा या मीठा फ्लेवर दिया जाता है. यही वजह है कि हर उम्र के लोग अपनी पसंद के स्वाद में भेल का आनंद ले पा रहे हैं.

इसके अलावा छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव जैसे विशेष अवसरों पर वीरेंद्र सिंह तोमर अपने स्टॉल पर पारंपरिक राजस्थानी थाली भी परोसते हैं. इस थाली में दाल बाटी चूरमा, प्याज की कचौरी, दाल की कचौरी, मावा कचौरी और मूंग दाल का हलवा जैसे स्वादिष्ट व्यंजन शामिल होते हैं, जो राजस्थानी संस्कृति और खान-पान की झलक पेश करते हैं. मेलों में स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ ऐसे पारंपरिक और अलग स्वाद लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं. वीरेंद्र सिंह तोमर की बॉम्बे स्टाइल भेल न सिर्फ स्वाद में खास है, बल्कि यह अलग-अलग राज्यों के व्यंजनों को एक मंच पर लाकर स्वदेशी मेलों की पहचान को और मजबूत बना रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP