पहले से शादी, फिर जरबन धर्मांतरण… कैसे मरते-मरते बची लड़की, डॉक्टर ने सबकुछ बताया
Lucknow: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में धर्मांतरण, यानी लव जिहाद से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी के प्रेमी ने उसे प्यार के झांसे में फंसाया और अब धर्म बदलकर शादी करने का दबाव बना रहा था. परिजनों का आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने उनकी हिंदू बेटी को प्रेम जाल में फंसाया. शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक शोषण किया गया. बाद में जब लड़की ने शादी की बात कही, तो युवक ने धर्म परिवर्तन कर शादी करने की शर्त रख दी.
परिजनों ने कहा कि लड़की ने जब धर्म बदलने से इनकार किया, तो युवक ने उससे दूरी बना ली और उस पर मानसिक दबाव बनाने लगा. इसके बाद लड़की डिप्रेशन में चली गई और नशीली गोलियों का सेवन कर खुद की जान लेने की कोशिश की. हालत बिगड़ने पर उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे क्रिटिकल केयर मैनेजमेंट (CCM) ICU में शिफ्ट किया गया.
पहले से ही शादीशुदा था रेजिडेंट डॉक्टर
परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी काफी समय से डिप्रेशन में चल रही थी और इससे पहले भी लड़की ने दवाई ली थी और ओवरडोज हो गया था. लड़की ऐसा जानबूझकर करती थी या अनजाने में, इसकी जानकारी नहीं है. वहीं लड़की ने भी अपने प्रेमी पर आरोप लगाया है कि रेजिडेंट डॉक्टर ने उसे धोखा दिया और अपनी पहली शादी को छिपाकर उसके साथ प्रेम संबंध बनाए. लड़की ने आरोप लगाया कि उसका पहले भी किसी के साथ ऐसा ही संबंध था और उसने धर्म परिवर्तन कराकर शादी की थी यानि प्रेमी डॉक्टर पहले से शादीशुदा था, फिर भी उसने महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ संबंध बनाए.
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी. जांच में यह भी सामने आया है कि जब युवती ने युवक से शादी की बात कही, तो युवक की ओर से धर्म परिवर्तन की शर्त रखी गई. पुलिस के अनुसार, युवक की ओर से शादी से इनकार किए जाने के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और डिप्रेशन में चली गई, जिसके बाद वह नशीली दवाइयां ले रही थी.
पहले ही एक लड़की का कराया धर्म परिवर्तन
सूत्रों ने बताया कि युवती इससे पहले भी एक बार घर गई थी, जहां उसकी तबीयत बिगड़ने की स्थिति सामने आई थी. इसके अलावा युवती को किसी व्यक्ति की ओर से यह जानकारी दी गई थी कि संबंधित रेसीडेंट डॉक्टर पहले से शादीशुदा है और उसने पहले भी एक हिंदू युवती का धर्म परिवर्तन कराया था. इस जानकारी के बाद से युवती और अधिक सदमे में आ गई थी. परिजनों की ओर से महिला आयोग और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की बात कही गई है.
हालांकि पुलिस का कहना है कि उन्हें अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो मामले में नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. वहीं जानकारी के अनुसार, KGMU प्रशासन ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले डॉक्टर के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया है. KGMU प्रशासन ने डॉक्टर को सोमवार को अपनी बात रखने के लिए कहा है, जिसके बाद KGMU प्रशासन पहले पूछताछ करेगा.
अलग-अलग प्रदेश के हैं दोनों रेजिडेंट डॉक्टर
वहीं KGMU डॉ. के. के. सिंह ने बताया कि दोनों डॉक्टर प्रदेश के बाहर के हैं, जिसमें महिला रेजिडेंट डॉक्टर कोलकाता की और पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर उत्तराखंड का है. हमें जानकारी मिली कि दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहे थे, लेकिन जब लड़की ने शादी करने का दबाव बनाया तो पहले तो कई दिनों तक उसने टालने की कोशिश की, लेकिन फिर उसके बाद धर्म बदलकर शादी करने की शर्त रख दी. पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर ने बहाना बनाया कि शादी के लिए लड़की को अपना धर्म बदलना होगा.
डॉ. के. के. सिंह ने आगे बताया कि लड़की ने प्रेमी डॉक्टर से कोलकाता चल वहां बिना धर्म बदले शादी करने की बात कही, तब जाकर लड़के ने सच्चाई बताई कि उसकी शादी हो चुकी है. प्रेमी की ये बात सुन महिला रेजिडेंट डॉक्टर सदमे में चली गई और खुद की जान लेने की कोशिश की. वहीं लड़की के परिजनों ने जब जांच की तो पता चला कि जिससे उसने पहले शादी की थी, वो लड़की भी हिंदू थी और डॉक्टर ने उसका धर्म परिवर्तन कराकर शादी की थी.