टीवी पर धर्मेंद्र संग एंट्री पर लिए थे 20 लाख, मुमताज ने अब वजह बताई- ‘पैसा फेंको तमाशा देखो’

Share to your loved once


नई दिल्ली: दिग्गज एक्ट्रेस मुमताज ने हाल में अपने करियर का एक खास पल याद किया. जब वह 2023 में इंडियन आइडल सीजन 13 में धर्मेंद्र के साथ टीवी पर नजर आई थीं. यह एपिसोड खास था क्योंकि करीब 50 साल बाद यह मशहूर जोड़ी पहली बार टीवी पर साथ आई थी. फैंस ने इस पल को खूब सराहा, लेकिन मुमताज ने बताया कि ऐसे मौके उनके लिए अपवाद हैं, आम बात नहीं.

विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर बातचीत में मुमताज ने बताया कि वह आमतौर पर टीवी से दूर क्यों रहती हैं. उन्होंने कहा, ‘आज भी मुझे टीवी पर बुलाते हैं. जब मैं पहली बार धरम जी के साथ टीवी पर गई और स्टेज पर उनके साथ डांस किया, वही एक बार था जब मैं टीवी पर गई थी.’ एक्ट्रेस ने बताया कि इसके बाद उन्हें कई ऑफर मिले, लेकिन फीस को लेकर वह लगातार इनकार करती रही हैं. वे बोलीं, ‘अब तक मुझे सौ से ज्यादा बार संपर्क किया गया और मैंने अपनी कीमत बता दी.’ मुमताज ने बताया कि प्रोड्यूसर अक्सर उम्मीद करते हैं कि सेलेब्रिटी कम फीस में आ जाएं.

कीमत से ज्यादा समझौता नहीं
मुमताज ने साफ कहा कि वह अपनी फीस को लेकर हमेशा स्पष्ट रही हैं. उन्होंने बताया कि इंडियन आइडल में आने के लिए उन्होंने करीब 18–20 लाख रुपये लिए थे और इससे कम पर बात नहीं की. वे बोलीं, ‘उन्होंने कहा कि लोग 3–4 लाख में कर लेते हैं, तो मैंने कहा कि यह उनकी मर्जी है. कोई चाहे तो मुफ्त में भी कर सकता है, लेकिन यह मेरी कीमत है.’ उन्होंने आगे कहा कि वह थोड़ा बहुत एडजस्टमेंट कर सकती हैं, लेकिन अपनी कीमत से ज्यादा समझौता नहीं करेंगी. वे बोलीं, ‘मैं 20–25 हजार एडजस्ट कर सकती हूं, लेकिन उससे ज्यादा नहीं. पैसा फेंको, तमाशा देखो!’

ठुकरा दी थी ‘सीता और गीता’
मुमताज ने बताया कि यह सोच उनके करियर के शुरुआती दौर से ही रही है. अपने पीक पर भी वह अपनी कीमत को लेकर अडिग थीं. उन्होंने याद किया कि उन्होंने ‘सीता और गीता’ फिल्म को भी फीस के कारण ठुकरा दिया था. वे बोलीं, ‘रमेश सिप्पी साहब को लगा कि मैं 2 लाख में कर लूंगी, क्योंकि वह बड़े प्रोड्यूसर थे. बड़े प्रोड्यूसर को ईगो की समस्या होती है.’ मुमताज ने बताया कि उस समय वह कई फिल्में कर रही थीं और उन्हें समझौता करने की जरूरत नहीं थी.

मुमताज को नहीं कोई अफसोस
मुमताज से जब पूछा गया कि क्या उन्हें ‘सीता और गीता’ जैसी हिट फिल्म ठुकराने का अफसोस है, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया, ‘प्लीज लिस्ट बनाइए, मैंने ज्यादा हिट फिल्में दी हैं.’ उन्होंने साफ किया कि वह घमंड नहीं कर रही हैं. वे बोलीं, ‘मुझे वह फिल्म करना अच्छा लगता, लेकिन मैं अपनी कीमत कम नहीं करना चाहती थी. एक बार आप ऐसा करते हैं, तो प्रोड्यूसर आपसे सवाल करने लगते हैं.’ मुमताज और धर्मेंद्र ने ‘लोफर’ और ‘झील के उस पार’ जैसी फिल्मों में शानदार केमिस्ट्री दिखाई थी और हिंदी सिनेमा की पसंदीदा जोड़ियों में शुमार रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP