किसी का डेब्यू रहा ब्लॉकबस्टर, तो कोई निकला फ्लॉप, जानें साल 2025 में इन 7 स्टारकिड्स में से किसका चला जादू
Last Updated:
लव एंगल से लेकर क्राइम-थ्रिलर फिल्मों के साथ साल 2025 में कई स्टार किड्स ने डेब्यू किया. लेकिन साल 2025 सभी के लिए एक जैसा नहीं रहा. कुछ ने दमदार एक्टिंग से सफलता हासिल की, तो कुछ को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला. वहीं एक स्टार किड ने डायरेक्शन में अपने हुनर का लोहा मनवाया है. चलिए जानते है कि इन 7 स्टार किड्स के लिए साल 2025 कैसा रहा और किसने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है.

नई दिल्ली. साल 2025 में कई स्टारकिड्स ने अपने करियर की शुरुआत की. नेपोटिज्म की बहस के बीच कई सितारों ने टैलेंट और एक्टिंग ने साबित किया कि सिर्फ परिवार का नाम ही काफी नहीं है. दूसरी तरफ, कुछ स्टारकिड्स फ्लॉप भी साबित हुए. इस लिस्ट में आर्यन खान से लेकर शनाया कपूर और अहान पांडे तक के नाम शामिल हैं. यहां पर देखिए पूरी लिस्ट.

आर्यन खान: साल 2025 में डेब्यू करने वाले स्टार किड्स नजर डालें तो पहला नाम आता है आर्यन खान का. शाहरुख खान और गौरी खान के बेटे आर्यन ने निर्देशन की राह चुनी. आर्यन की डेब्यू नेटफ्लिक्स सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ 18 सितंबर को रिलीज हुई. इसे आर्यन ने लिखा, सह-निर्मित और निर्देशित किया. सीरीज बॉलीवुड की चकाचौंध और अंदरूनी दुनिया पर आधारित है. यह साल की सबसे चर्चित डेब्यू बनी, ग्लोबली ट्रेंड की और क्रिटिक्स से जबरदस्त सराहना मिली.

अहान पांडे: अनन्या पांडे के चचेरे भाई और चंकी पांडे के भतीजे अहान ने मोहित सूरी के निर्देशन में बनी रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ से डेब्यू किया. फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हुई. अहान की परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया और वह रातोंरात स्टार बन गए. अहान का डेब्यू ब्लॉकबस्टर रहा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

राशा थडानी: रवीना टंडन की लाडली राशा ने भी इसी साल एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. अभिषेक कपूर की पीरियड ड्रामा ‘आजाद’ से उन्होंने डेब्यू किया. 17 जनवरी को रिलीज हुई फिल्म में राशा की डांसिंग स्किल्स और एक्टिंग, खासकर गाने ‘उई अम्मा’ को पसंद किया गया. हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने में असफल रही.

अमान देवगन: अजय देवगन के भांजे अमान ने भी ‘आजाद’ से ही डेब्यू किया. यह फिल्म अमान और राशा दोनों की पहली फिल्म रही. फिल्म में अजय देवगन का सपोर्टिंग रोल था. अमान की एक्टिंग को सामान्य प्रतिक्रिया मिली. फिल्म का प्रदर्शन कमजोर रहा.

शनाया कपूर: संजय कपूर की बेटी शनाया ने ‘आंखों की गुस्ताखियां’ से डेब्यू किया. शनाया की पहली फिल्म एक्टर विक्रांत मैसी के साथ आई. फिल्म 11 जुलाई को रिलीज हुई. शनाया की एक्टिंग को भी कोई खास नहीं बताया गया. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही.

इब्राहिम अली खान: सैफ अली खान और अमृता सिंह के बेटे इब्राहिम ने ‘नादानियां’ से डेब्यू किया. फिल्म में उनके साथ खुशी कपूर नजर आईं. नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई यह रोमांटिक कॉमेडी नेगेटिव रिव्यूज के साथ फ्लॉप रही.

सारा अर्जुन: एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट रोल प्ले करने वाली सारा ने भी इसी साल डेब्यू किया. उनकी पहली फिल्म ही ब्लॉकबस्टर रही. एक्टर अर्जुन की बेटी सारा ने ‘धुरंधर’ से लीड डेब्यू किया. फिल्म में वह रणवीर सिंह के अपोजिट हैं. फिल्म 5 दिसंबर को रिलीज हुई और 480 करोड़ से ज्यादा कमाई कर चुकी है.