भोपाल के शाहजहांनाबाद थाने में घुसकर पीटा, चाचा-नाबालिग भतीजा घायल
Last Updated:
भोपाल के शाहजहांनाबाद थाने में दबंगों ने थाना परिसर में घुसकर नाबालिग और उसके चाचा की बेरहमी से पिटाई कर दी. मजदूरी के विवाद में शुरू हुआ मामला थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस के सामने मारपीट हुई. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.
भोपाल में थाने में घुसकर पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है.रमाकांत दुबे
भोपाल. एक थाने के भीतर हुई मारपीट की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शाहजहांनाबाद थाना परिसर में नाबालिग और उसके चाचा के साथ पुलिस के सामने हुई बेरहमी से पिटाई ने शहर में सनसनी फैला दी है. जिस थाने में फरियादी न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचा था, वहीं दबंगों ने खुलेआम कानून को चुनौती दी और हिंसा को अंजाम दिया.
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपियों ने थाना परिसर में घुसकर नाबालिग पर लात-घूंसे बरसाए. सवाल यह है कि पुलिस की मौजूदगी में यह सब कैसे हुआ और आखिर दबंगों का हौसला इतना बुलंद कैसे हो गया.
मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला, थाने तक पहुंची बात
पीड़ित नाबालिग यावर अली 15 वर्ष का है और दसवीं कक्षा में पढ़ता है. वह अपने चाचा सलमान अली के साथ कार डेंटिंग-पेंटिंग का काम सीख रहा है. जानकारी के अनुसार, चार पहिया वाहन में काम कराने के बाद आरोपियों ने तय रकम देने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले सड़क पर विवाद हुआ. काम की मजदूरी मांगने पर बात बढ़ी और मामला शाहजहांनाबाद थाने तक पहुंच गया. यावर अली और उसके चाचा न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां हालात और बिगड़ गए.
थाना परिसर में घुसकर चाचा-भतीजे की पिटाई
बताया जा रहा है कि फरियाद दर्ज कराने के दौरान ही पीछे से आरोपी थाने में घुस आए. पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उन्होंने चाचा और नाबालिग भतीजे के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोपियों ने यावर अली पर लात-घूंसे बरसाए, जबकि उसके चाचा को भी नहीं बख्शा.
पीड़ित पिता का आरोप, दबंग और रसूखदार हैं आरोपी
पीड़ित के पिता बाबर अली ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि उनके बेटे और भाई को बेरहमी से पीटा गया है. बाबर अली के मुताबिक, आरोपी इलाके के रसूखदार लोग हैं और उनका स्थानीय स्तर पर दबदबा है. लोग उनसे डरते हैं और खुलकर विरोध नहीं कर पाते. उन्होंने कहा कि हम गरीब लोग हैं और अपनी मेहनत का पैसा मांग रहे थे. इसी बात पर पहले सड़क पर पीटा गया और फिर थाने के अंदर घुसकर मारपीट की गई. यह पुलिस व्यवस्था पर बड़ा सवाल है.
पुलिस पर सवाल, थाने में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे मुद्दे
इस घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर थाना परिसर में पुलिस क्या कर रही थी. जिस जगह पर आम आदमी खुद को सुरक्षित समझता है, वहीं दबंगों ने कानून को हाथ में ले लिया. नाबालिग के साथ हुई मारपीट ने पुलिस की भूमिका पर भी संदेह खड़ा कर दिया है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें