आधुनिक सोच के साथ बदल रहा डाकघर, IIM लखनऊ में शुरू हुआ जेन-जी पोस्ट ऑफिस, मिलेंगी ये सुविधाएं
Last Updated:
Lucknow News: लखनऊ में जेन-जी थीम पर आधारित डाकघर खोले जा रहे हैं. इन जेन-जी डाकघरों में सभी पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ आधार पंजीकरण, अपडेट और संशोधन की सुविधा भी मिलेगी. यहां वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

भारतीय डाक विभाग ने डाकघरों को आधुनिक और युवाओं के अनुकूल बनाने की दिशा में एक नई पहल की है. इसके तहत लखनऊ में जेन-जी थीम पर आधारित डाकघर खोले जा रहे हैं. पहले चरण में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), लखनऊ विश्वविद्यालय, यूपी सैनिक स्कूल और सरोजनीनगर में जेन-जी पोस्ट ऑफिस शुरू किए जाएंगे.

इन जेन-जी डाकघरों में सभी पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ आधार पंजीकरण, अपडेट और संशोधन की सुविधा भी मिलेगी. खास बात यह है कि इन डाकघरों को युवाओं की जरूरतों और आधुनिक सोच को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है. यहां वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

मुख्यालय परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय ने बताया कि जेन-जी पोस्ट ऑफिस में पार्सल सेवाएं, डाकघर बचत योजनाएं, डाक जीवन बीमा और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके साथ ही क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल भुगतान की सुविधा भी दी जाएगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आईआईएम लखनऊ में जेन-जी पोस्ट ऑफिस की शुरुआत आज से हो गई है. आईआईएम परिसर में पहले से मौजूद पोस्ट ऑफिस को ही जेन-जी थीम में अपग्रेड किया गया है. इसके बाद लखनऊ विश्वविद्यालय और यूपी सैनिक स्कूल में भी जेन-जी डाकघर खोले जाएंगे. लखनऊ विश्वविद्यालय में डाकघर शिफ्ट करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से बातचीत की जाएगी.

जेन-जी पोस्ट ऑफिस का लाभ न सिर्फ विद्यार्थी, बल्कि आम नागरिक भी उठा सकेंगे. डाक विभाग पहले से ही आधार सेवाओं में अहम भूमिका निभा रहा है और अब शिक्षण संस्थानों में ही आधार पंजीकरण, अपडेट और संशोधन की सुविधा देकर लोगों को बड़ी राहत देने की कोशिश की जा रही है.

गौरतलब है कि देश का पहला जेन-जी पोस्ट ऑफिस पिछले माह आईआईटी दिल्ली में शुरू किया गया था. यह पहल एक राष्ट्रीय योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य डाकघरों को तकनीक-सक्षम, जीवंत और युवा-केंद्रित बनाना है.