IPL mini auction Prithvi Shaw Rahul Tripathi: पृथ्वी से लेकर सरफराज तक…जैसे-तैसे बिके ये पांच खिलाड़ी, कोई नहीं लगाता बोली तो खत्म था करियर
Last Updated:
IPL 2026 Mini Auction: पृथ्वी शॉ, सरफराज खान पर तो पहली बार में कोई बोली ही नहीं लगी थी. पृथ्वी जब दूसरी बार भी अनसोल्ड रह गए तो शायद उन्होंने भी ये मान लिया था कि वह लगातार दूसरे सीजन में अनसोल्ड रह जाएंगे, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरकार तीसरी बार में उनके बेस प्राइस 75 लाख में खरीद लिया. सरफराज खान भी दूसरी बार में बिके, राहुल त्रिपाठी को केकेआर ने चुना.
आईपीएल मिनी ऑक्शन पृथ्वी शॉनई दिल्ली: आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन सिर्फ खिलाड़ियों के लिए किस्मत चमकाने और पैसा बनाने का मौका नहीं था बल्कि कई प्लेयर्स के लिए करियर बचाने की भी लड़ाई थी. बड़े नाम, लंबा अनुभव और इंटरनेशनल चमक के बावजूद इन प्लेयर्स को डर था कि कहीं वह अनसोल्ड न रह जाए. हालात ऐसे थे कि इस लिस्ट के कुछ प्लेयर्स तो पहले राउंड में अनसोल्ड भी रह गए थे, दूसरे राउंड में उन्हें टीमों ने खरीदा. ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि अगर एक भी बोली नहीं लगती तो शायद इन प्लेयर्स का करियर ही खत्म हो जाता.
पृथ्वी शॉ- दिल्ली कैपिटल्स- 75 लाख
कभी भारतीय क्रिकेट का अगला सुपरस्टार माने जाने वाले पृथ्वी शॉ के लिए पिछले कुछ साल काफी खराब गुजरे हैं. गलत वजहों के चलते खबरों में रहे पृथ्वी खराब फॉर्म, घटिया फिटनेस और अनुशासन से जुड़े सवालों ने उनकी ब्रांड वैल्यू को काफी नुकसान पहुंचाया. मगर डोमेस्टिक क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि कोई न कोई फ्रैंचाइजी तो खरीद ही लेगी, आखिरकार उनकी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स का दिल पसीजा.
पृथ्वी आईपीएल 2026 में खेलेंगे
सरफराज खान- चेन्नई सुपरकिंग्स- 75 लाख
भारतीय टीम से बाहर चल रहे बल्लेबाज सरफराज खान को पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) की वजह से ‘नई जिंदगी’ मिली है. मंगलवार को नीलामी से कुछ घंटे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच में 22 गेंद में 73 रन बनाने वाले 28 साल के सरफराज के लिए पहले दौर में किसी ने बोली नहीं लगाई, लेकिन बाद में सुपरकिंग्स ने उन्हें खरीद लिया. मध्यक्रम के इस आक्रामक बल्लेबाज ने पिछली बार 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल मैच खेला था. इसके बाद के दो सीजन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला. वह इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का भी हिस्सा रह चुके हैं. सरफराज ने 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल डेब्यू किया था. यह दाएं हाथ का बल्लेबाज इस साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में रहा है जिसमें उन्होंने 82.25 की औसत और 204.34 के स्ट्राइक रेट से 329 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक भी शामिल है.
राहुल त्रिपाठी- कोलकाता नाइटराइडर्स – 75 लाख
आईपीएल में दमदार खेल के बूते ही टीम इंडिया तक पहुंचने वाले राहुल त्रिपाठी कोलकाता नाइटराइडर्स से क्या गए, उनका फॉर्म भी चला गया. 2022 के मेगा ऑक्शन में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा, अगले दो साल वह SRH के लिए खास खास नहीं कर पाए, इसके बाद 2025 में चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें मेगा ऑक्शन में खरीदा था, लेकिन मिनी ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया. उम्र, हालिया फॉर्म और टीम कॉम्बिनेशन के चलते उन पर देर से बोली लगी, हालांकि अनुभव के दम पर अपनी पुरानी टीम केकेआर में चले गए.
चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले साल उन्हें तीन करोड़ 40 लाख में खरीदा था. सिर्फ पांच मैच में मौका मिलने के बाद दाएं हाथ के इस बैटर ने 11 की औसत से 55 रन बनाए.
शिवम मावी- सनराइजर्स हैदराबाद- 75 लाख
युवा भारतीय गेंदबाज शिवम मावी अंडर-19 वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन के बाद 2018 में केकेआर में आए थे. 2022 तक इस टीम का हिस्सा रहने के बाद वह गुजरात टाइटंस के लिए भी खेले. इस बीच उनका सिलेक्शन टीम इंडिया में भी हुआ. 2024 में लखनऊ सुपरजायंट्स के स्क्वॉड में शामिल शिवम इतना अनुभव रखने के बावजूद किसी टीम की प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए. इस बीच इंजरी के चलते उनकी सबसे बड़ी ताकत यानी स्पीड भी कम हो गई. वो तो भला हो सनराइजर्स हैदराबाद का जो उनके बेस प्राइस 75 लाख में चुन लिया, वरना मावी अनसोल्ड भी रह सकते थे.
कार्तिक त्यागी
कार्तिक त्यागी- कोलकाता नाइटराइडर्स- 30 लाख
एक और युवा और टैलेंटेड तेज गेंदबाज जो जितनी तेजी से ऊपर आया, उतनी ही तेजी से नीचे भी फिसला. उत्तर प्रदेश के इस पेसर को देसी ब्रेट ली कहा जाता था. कार्तिक भी अंडर-19 विश्व कप की खोज माने जाते हैं. अपने छोटे से करियर में राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस से खेलने के बावजूद उन्हें किसी भी टीम ने रिटेन नहीं किया. खराब लाइन-लैंथ के लिए बदनाम कार्तिक त्यागी को अगर कोलकाता नाइटराइडर्स ने नहीं चुना होता तो उनका करियर भी खत्म समझो.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें