Cameron Green goes on duck: आईपीएल 2026 में सबसे महंगे बिकने के बाद कैमरून ग्रीन पहले मैच में शून्य पर आउट
Last Updated:
Cameron Green goes on duck: ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 ऑक्शन में केकेआर ने 25.20 करोड़ में खरीदा. वे इस सीजन के सबसे महंगे और आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे ज्यादा पैसों में बिके खिलाड़ी बने. ग्रीन ने पहले मुंबई इंडियंस और आरसीबी के लिए भी खेला है.
आईपीएल ऑक्शन 2026 में बिका सबसे महंगा खिलाड़ी अगले ही दिन शून्य पर आउटनई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए किए गए ऑक्शन में सबसे महंगे बिके. कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 25.20 करोड़ रुपये खर्च करके उनको अपनी टीम में शामिल किया. कमाल की बात यह कि अगले ही दिन वो बिना खाता खोले वापस लौट गए. बुधवार को एडिलेड में खेले जा रहे तीसरे एशेज टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने ग्रीन को दो गेंद में शून्य पर आउट कर दिया.
25 साल के ग्रीन को लेकर केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच जबरदस्त बोली लगी थी. चेन्नई ने 25 करोड़ रुपये तक बोली लगाई थी. केकेआर जिसके पास नीलामी में 64.3 करोड़ रुपये का बजट था उन्होंने ग्रीन को खरीदकर आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया. केकेआर की ग्रीन के लिए बोली पिछले रिकॉर्ड से थोड़ी ज्यादा थी. कोलकाता ने 2024 सीजन से पहले उनके हमवतन मिशेल स्टार्क के लिए 24.75 करोड़ रुपये में लगाई थी.
कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने एक्स हैंडल पर ग्रीन का एक वीडियो भी पोस्ट किया. वीडियो में ग्रीन ने कहा, “मैं इस साल आईपीएल में कोलकाता का हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साहित हूं, ईडन गार्डन्स में खेलने का इंतजार है, वहां के माहौल में ढलने का और उम्मीद है कि यह साल हमारे लिए शानदार रहेगा.”
कैमरून ग्रीन के टीम में आने से केकेआर की टीम को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं. युवा ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने 2023 और 2024 के आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलते हुए 29 मैचों में 41.58 की औसत से 707 रन बनाए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 153 से ज्यादा रहा, एक शतक और दो अर्धशतक भी लगाए. इसके अलावा उन्होंने 16 विकेट भी लिए, हालांकि उनका गेंदबाजी औसत 41.5 से ऊपर रहा. लेकिन चोट के कारण वह पिछले सीजन की नीलामी में शामिल नहीं हो पाए थे.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें