यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, अगले 48 घंटों में 6°C तक गिरेगा तापमान
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मौसम का कहर जारी है. काले बादलों के आवाजाही के साथ प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग ने इसकी संभावना जताई है. अनुमान है अगले 24 से 48 घण्टों में प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखने को मिलेगी. वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक, 8 अप्रैल को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग ने आसमानी आफत देखने को मिलेगी.
इस दौरान बारिश के साथ तेज झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी. अनुमान है आज प्रदेश में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से तेज हवाओं का दौर कई जिलों में देखने को मिलेगा. वहीं 9 अप्रैल को प्रदेश के दोनों ही संभाग में आसमान साफ होगा. 10 अप्रैल को भी मौसम ऐसा ही रहने का पूर्वानुमान जताया गया है.
इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है बुधवार को मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, बांदा, चित्रकुट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कानपुर, हरदोई, फिरोजाबाद, कन्नौज, उन्नाव, सहारनपुर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, महोबा, हमीरपुर, झांसी,ललितपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी,आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर,अमेठी, रायबरेली और आसपास के जिलों में मध्यम से हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है. वहीं कई जिलों में आज तेज झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी.
लखनऊ में अचानक गिरेगा पारा, नोएडा में होगी बारिश
बुधवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अचानक तापमान में बड़ी गिरावट आएगी. आंधी बारिश के बीच यहां अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिलेगी. मौसम विभाग का अनुमान है आज यहां न्यूनतम तापमान 17 और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं बात नोएडा की करें तो आज वहां भी मध्यम से हल्की बारिश की संभावना है. नोएडा में न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
नए पश्चिमी विक्षोभ से गिरेगा तापमान
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की 11 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा.इसके कारण तापमान में भी उतार चढ़ाव क दौर देखने को मिलेगा.