सुपरस्टार ने महिला बन की थी करियर की शुरुआत, 200 फिल्मों में काम कर जमाई धाक, बेटे का बॉलीवुड में नहीं चला सिक्का
Last Updated:
बॉलीवुड का वो सुपरस्टार जिसने 70-80 के दशक में अपने डांस से अलग पहचान बनाई. उन्होंने उस दौर में अपने डांस से लोकप्रियता हासिल की जब ज्यादातर एक्टर्स डांस से बचते थे. अपने इसी हुनर की बदौलत जितेंद्र को बॉलीवुड में जंपिंग जैक का नाम मिला था.
जितेंद्र आज अपना 84वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं. फिल्मों की दुनिया में उनका सफर एक मिडिल क्लास लड़के से हिंदी सिनेमा के सबसे एनर्जेटिक स्टार्स में से एक बनने तक वाकई प्रेरणादायक है. अपने सिग्नेचर सफेद जूतों और जबरदस्त डांस मूव्स के लिए मशहूर जितेंद्र ने 70 और 80 के दशक में लगातार हिट फिल्में दीं और यादगार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया.
जितेंद्र का असली नाम रवि कपूर है, जिनका जन्म 7 अप्रैल 1942 को अमृतसर, पंजाब में हुआ था. वे एक पंजाबी परिवार में पले-बढ़े. उनके पिता अमरनाथ कपूर नकली गहनों के कारोबार से जुड़े थे और फिल्म इंडस्ट्री को गहने सप्लाई करते थे. इसी कनेक्शन की वजह से युवा रवि के लिए बॉलीवुड के दरवाजे खुले.
लीडिंग स्टार बनने से पहले जितेंद्र ने छोटे-छोटे रोल किए. दरअसल, उन्होंने अपनी पहली फिल्म ‘नवरंग’ (1959) में महिला का किरदार निभाया था, जिसे वी. शांताराम ने प्रोड्यूस किया था. इसी शुरुआती अनुभव ने उन्हें सिनेमा की दुनिया से रूबरू कराया और एक्टिंग का जुनून जगाया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वी. शांताराम की फिल्म ‘नवरंग’ में जितेंद्र ने ‘संध्या’ नाम की महिला का किरदार अदा किया था. इस फिल्म में अपने अभिनय से उन्होंने खूब वाहवाही बटोरी थी. नवरंग में जितेंद्र के अभिनय से इम्प्रेस होकर वी. शांताराम ने उन्हें गीत गाया पत्थरों में कास्ट किया और यहीं से एक्टर के करियर की एक नई शुरुआत हुई.
एक्टर की पहली फिल्म को भरपूर प्रमोशन के बावजूद सफलता नहीं मिली, लेकिन इसने जितेंद्र के लिए कई राहें खोल दी. उन्हें इंडस्ट्री में नोटिस किया जाने लगा. जितेंद्र को असली शोहरत ‘फर्ज’ फिल्म से मिली, जिसमें उनके एनर्जेटिक डांस स्टाइल और ऑल-व्हाइट आउटफिट ने उन्हें आइकॉन बना दिया.
इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. उनकी कुछ यादगार फिल्मों में ‘कारवां’, ‘हमजोली’, ‘तोहफा’, ‘हिम्मतवाला’ और ‘जस्टिस चौधरी’ शामिल हैं. श्रीदेवी और जया प्रदा के साथ उनकी जोड़ी ने 80 के दशक में कई सुपरहिट फिल्में दीं.
जितेंद्र को ज्यादा अवॉर्ड्स नहीं मिले, लेकिन भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को खूब सराहा गया. उन्हें कई लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड्स से नवाजा गया, जो उनकी लोकप्रियता और लगातार बेहतरीन परफॉर्मेंस का सम्मान है.
जितेंद्र की पर्सनल लाइफ की बात करें तो एक्टर ने शोभा कपूर से शादी की है. इस शादी से एक्टर के दो बच्चे- एकता कपूर और तुषार कपूर हैं. एकता कपूर आज भारत की सबसे सफल टीवी और फिल्म प्रोड्यूसर हैं. उन्हें टीवी क्वीन के नाम से भी जाना जाता है.
अब जितेंद्र के बेटे तुषार कपूर की बात करें, तो उन्होंने अपने पिता की तरह ही एक्टिंग की राह चुनी. वो ‘गोलमाल’, ‘मस्तीजादा’, ‘जीना सिर्फ मेरे लिए’ जैसी फिल्मों में नजर आए, लेकिन ऑडियंस उन्हें लीड एक्टर के तौर पर स्वीकार नहीं कर पाए.