यशस्वी जायसवाल ने पूरा किया छक्कों का शतक, राजस्थान रॉयल्स के लिए बनाया बड़ा रिकॉर्ड
Last Updated:
Yashasvi Jaiswal: यशस्वी जायसवाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 32 गेंदों 77 रन की विस्फोटक नॉटआउट पारी खेली. इस पारी के दौरान ही उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में एक बड़ा रिकॉर्ड नाम कर लिया. यशस्वी इस फ्रेंचाइजी के लिए आईपीएल में छक्कों का शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.

यशस्वी जायसवाल ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. यशस्वी जायसवाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में चौके-छक्कों की आतिशबाजी की. बारिश से प्रभावित यह मुकाबला 11-11 ओवर का हुआ, जिसमें टॉस गंवाने के बाद राजस्थान की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी. वैभव सूर्यवंशी के साथ ओपनिंग करने आए यशस्वी ने पहली ही गेंद से विस्फोट शुरू कर दिया और गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दीं. यशस्वी ने सिर्फ 32 गेंदों का सामना किया और नाबाद रहते हुए 77 रन ठोक दिए. उनकी 240 के स्ट्राइक रेट वाली इस लाजवाब पारी में 10 चौके और चार छक्के शामिल रहे. इसी के साथ यशस्वी ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी नाम कर लिया.
दरअसल, यशस्वी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में 100 छक्के का मुकाम हासिल कर लिया है. वह आईपीएल में इस फ्रेंचाइजी के लिए 100 छक्के पूरे करने वाले चौथे बल्लेबाज बने हैं. इससे पहले शेन वॉटसन, जोस बटलर और संजू सैमसन ये कारनामा कर चुके हैं. राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा छक्कों की बात करें तो यह रिकॉर्ड संजू सैमसन के नाम है. सैमसन ने 192 छक्के लगाए हैं. जोस बटलर 135 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. वहीं, वॉटसन ने 109 छक्के इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए लगाए.
यशस्वी जायसवाल ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड.
राजस्थान रॉयल्स की तूफानी शुरुआत
गुवाहाटी में बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण हुई देरी के बाद राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला आखिरकार रात 10 बजकर 10 मिनट पर शुरू हुआ. टॉस जीतकर मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. बारिश की वजह से मैच 11-11 ओवर का कर दिया गया. राजस्थान के दोनों बाएं हाथ के ओपनर्स, यशस्वी जायसवाल और युवा वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर उतरते ही चौके-छक्कों की बरसात कर दी. दोनों ने मिलकर महज 5 ओवर में 80 रनों की विस्फोटक साझेदारी की. 15 साल के वैभव ने सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन कूटे, जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल थे. उन्हें शार्दुल ठाकुर ने आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा.वैभव के आउट होने के बाद राजस्थान ने जल्दी-जल्दी कुछ विकेट गंवाए. ध्रुव जुरेल, अल्लाह गजनफर की गेंद पर सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. कप्तान पराग ने 10 गेंदों में 20 रन बनाए, लेकिन गजनफर ने उन्हें अपना दूसरा शिकार बनाया.
जायसवाल के पास ऑरेंज कैप
एक छोर से विकेट गिरते रहे, लेकिन यशस्वी जायसवाल का बल्ला थमा नहीं. उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा. 77 रन की नाबाद पारी के साथ ही जायसवाल ने दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी को इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ दिया और ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया. उनके नाम तीन मैचों में 170 रन दर्ज हो गए हैं. समीर रिजवी ने दो मैचों में 160 रन बना लिए हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें