Hyderabad : इशारों की भाषा में चलता पूरा रेस्टोरेंट, हैदराबाद के कैफे बदल रहे सोच और समाज
Last Updated:
Hyderabad News : हैदराबाद में साइलेंट साइन लैंग्वेज कैफे लोकप्रिय, मूक बधिर युवा स्टाफ इशारों और कोड से ऑर्डर लेते, रोजगार के साथ समावेशी सोच को बढ़ावा दे रहे हैं. इन कैफे में प्रवेश करते ही सुकून भरी शांति और स्टाफ की गर्मजोशी भरी मुस्कुराहट आपका स्वागत करती है. यहां का पूरा संचालन मूक-बधिर युवाओं के हाथों में होता है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल होता है कि बिना बोले ऑर्डर कैसे दिया जाता है.
हैदराबाद. शोर-शराबे से भरी इस दुनिया में हैदराबाद के कुछ कोनों में एक ऐसी साइलेंट पहल आकार ले रही है, जहां संवाद के लिए शब्दों की नहीं, बल्कि जज्बात और इशारों की जरूरत होती है. शहर में बढ़ते साइन लैंग्वेज कैफे न केवल स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए, बल्कि एक समावेशी समाज की नई मिसाल पेश करने के लिए भी चर्चा में हैं.
इन कैफे में प्रवेश करते ही सुकून भरी शांति और स्टाफ की गर्मजोशी भरी मुस्कुराहट आपका स्वागत करती है. यहां का पूरा संचालन मूक-बधिर युवाओं के हाथों में होता है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल होता है कि बिना बोले ऑर्डर कैसे दिया जाता है. कैफे के एक वेटर ने इशारों में बताया कि यहां तकनीक और सरलता का अनोखा मेल देखने को मिलता है. मेनू कार्ड में हर डिश के साथ एक विशेष कोड और सांकेतिक भाषा का चित्र बना होता है. ग्राहक अपनी पसंद का कोड लिखकर या चित्र के अनुसार इशारा करके ऑर्डर देते हैं. टेबल पर लगी विशेष लाइट और बेल के जरिए स्टाफ को बुलाया जाता है.
इशारों में चलता है पूरा सिस्टम
इन युवाओं को प्रोफेशनल वेटर या मैनेजर बनाने के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जाती है. उन्हें हॉस्पिटैलिटी, डिजिटल बिलिंग और विजुअल अलर्ट्स पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार किया जाता है. चूंकि वे सुन नहीं सकते, इसलिए उनकी ऑब्जर्वेशन स्किल्स यानी देखने और समझने की क्षमता को खास तौर पर विकसित किया जाता है. यही वजह है कि वे बिना बोले भी ग्राहकों की जरूरत को आसानी से समझ लेते हैं.
रोजगार के साथ बदल रही सोच
यह पहल केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्राहकों और स्टाफ के बीच एक खास भावनात्मक जुड़ाव भी बनाती है. यहां आने वाले लोग अक्सर जल्दबाजी में होते हैं, लेकिन इस जगह पर आकर वे धैर्य और विनम्रता का अनुभव करते हैं. कई कैफे में टेबल पर साइन लैंग्वेज की छोटी गाइड भी रखी होती है, जिससे ग्राहक धन्यवाद या पानी जैसे शब्द इशारों में कहना सीखते हैं.
हैदराबाद के ये कैफे यह साबित कर रहे हैं कि दिव्यांगता कोई कमी नहीं, बल्कि एक अलग तरह की क्षमता है. यहां से बाहर निकलते समय लोगों के पास सिर्फ अच्छा खाना खाने की संतुष्टि नहीं होती, बल्कि एक नई सोच और अनुभव भी साथ होता है. यह साइलेंट पहल समाज को और अधिक संवेदनशील बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है.
About the Author
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें