आम या गाजर छोड़िए… अब बनाएं केले का आचार, स्वाद ऐसा कि भूल जाएंगे सब्जियां, जानें रेसिपी
Last Updated:
Banana Pickle Recipe: अगर आप पारंपरिक अचार से कुछ हटकर ट्राई करना चाहते हैं, तो केले का आचार एक बेहतरीन ऑप्शन है. इसका स्वाद अलग और बेहद लाजवाब होता है, जो खाने का मजा दोगुना कर देता है.

केले का अचार
भारतीय खाने में अचार का खास महत्व होता है, जो साधारण खाने को भी स्वादिष्ट बना देता है. आम, नींबू या गाजर का अचार तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन क्या आपने कभी केले का अचार ट्राई किया है? सुनने में भले ही थोड़ा अलग लगे, लेकिन इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे. केले का अचार खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है, जो कुछ नया और अलग स्वाद ट्राई करना पसंद करते हैं.
केले का आचार बनाने के लिए कच्चे केले का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें हल्की मिठास और स्टार्च होता है. जब इसे मसालों के साथ मिलाया जाता है, तो इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है. इसमें सरसों का तेल, मेथी, सौंफ, हल्दी और लाल मिर्च जैसे मसाले डाले जाते हैं, जो इसे तीखा, खट्टा और हल्का मीठा फ्लेवर देते हैं. यह अचार न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होता है, बल्कि पाचन के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.
कैसे बनाएं केले का अचार
केले का अचार बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे केले को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इन टुकड़ों को हल्के नमक वाले पानी में थोड़ी देर उबाल लें, ताकि वे नरम हो जाएं लेकिन ज्यादा गलें नहीं. इसके बाद इन्हें छानकर सूखने के लिए रख दें. दूसरी ओर एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें मेथी दाना, सौंफ, राई और कलौंजी डालकर हल्का भून लें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें और अच्छे से मिलाएं.
अब तैयार मसाले में उबले हुए केले के टुकड़े डालकर अच्छे से मिक्स करें, ताकि हर टुकड़े पर मसाला अच्छी तरह लग जाए. अगर आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा सिरका या नींबू का रस भी मिला सकते हैं, जिससे अचार में हल्की खटास आ जाएगी और यह ज्यादा समय तक खराब भी नहीं होगा. तैयार अचार को एक साफ और सूखे कांच के जार में भरकर 2-3 दिन के लिए धूप में रखें, ताकि इसका स्वाद अच्छे से सेट हो जाए.
ऐसे करें सर्व
यह अचार पराठे, दाल-चावल या रोटी के साथ बहुत स्वादिष्ट लगता है. खास बात यह है कि यह जल्दी तैयार हो जाता है और ज्यादा दिनों तक स्टोर भी किया जा सकता है. अगर आप अपने खाने में कुछ नया और मजेदार जोड़ना चाहते हैं, तो केले का अचार जरूर ट्राई करें. इसका अनोखा स्वाद आपके पूरे खाने का मजा दोगुना कर देगा.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें