बिल नहीं भरा और कट गई बिजली? भीषण गर्मी या आधी रात में भी ऐसे पाएं तुरंत राहत, 24 घंटे की मिलेगी मोहलत
गोरखपुर: शहर में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. तापमान लगातार ऊपर चढ़ रहा है और ऐसे में बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है. खासकर उन इलाकों में जहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां अचानक बिजली कटने की शिकायतें तेजी से सामने आ रही हैं.
शहर के बक्शीपुर क्षेत्र के लोगों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल लेट होने पर तुरंत बिजली काट दी जाती है. पहले जहां कुछ समय की मोहलत मिल जाती थी, अब ऐसा नहीं है. कई उपभोक्ताओं ने बताया कि शाम के समय जब बिजली कटती है, तब बिजली विभाग के दफ्तर भी बंद हो जाते हैं, जिससे शिकायत दर्ज कराने का कोई विकल्प नहीं बचता है.
क्या कहता है बिजली विभाग?
बक्शीपुर बिजली घर के एसडीओ पुष्पेंद्र के अनुसार, अब पुराने मीटर की जगह स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, जो पूरी तरह ऑटोमैटिक सिस्टम पर काम करते हैं. जैसे ही बिजली बिल ओवरड्यू होता है, कनेक्शन तुरंत काट दिया जाता है. उन्होंने साफ कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर बिल जमा करना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की परेशानी से बचा जा सके.
स्मार्ट मीटर में मौजूद है राहत का विकल्प
हालांकि, इस समस्या का एक अस्थायी समाधान भी मौजूद है. एसडीओ के अनुसार, स्मार्ट मीटर पर एक ब्लू या ब्लैक बटन दिया होता है. अगर बिजली कट जाए, तो इस बटन को करीब एक मिनट तक दबाकर रखें, ऐसा करने से 24 घंटे के लिए बिजली सप्लाई फिर से शुरू हो जाती है. इस दौरान उपभोक्ता को अपना बिजली बिल जमा करना जरूरी होता है.
ऑनलाइन भुगतान बना सहारा
अगर रात में बिजली कट जाती है, तो उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से बिल जमा कर सकते हैं. इसके लिए “Pay Bill Home” जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है. साथ ही, उपभोक्ता अपनी पेमेंट हिस्ट्री भी आसानी से चेक कर सकते हैं.
शिकायत का नया तरीका
कई बार ऑनलाइन भुगतान के बाद भी बिजली तुरंत बहाल नहीं होती. ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने भुगतान का स्क्रीनशॉट लेकर संबंधित एसडीओ को व्हाट्सएप करें. इसके बाद बिजली सप्लाई जल्दी बहाल कर दी जाती है. भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन रही है. ऐसे में समय पर बिल भुगतान और स्मार्ट मीटर की सुविधाओं की जानकारी ही इस समस्या से बचने का सबसे आसान उपाय है.