क्रिकेट मैच में रन आउट विवाद पर हुई चाकूबाजी, अंपायर की मौत
Last Updated:
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक लोकल मैच के दौरान रन आउट को लेकर हुए विवाद ने खूनी रंग ले लिया. मामला इतना बढ़ गया कि मैच में अंपायरिंग करने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मामले में आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. मृतक का नाम डोला अजित बाबू है.

क्रिकेट मैच में अंपायर की हत्या
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान मामूली विवाद में 21 साल के अंपायर की हत्या हो गई. पुलिस के मुताबिक रन-आउट के फैसले को लेकर हुए झगड़े के बाद युवक को चाकू मार दिया गया. एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित डोला अजित बाबू रविवार शाम अपने दोस्त बुडुमुरी चिरंजीवी के साथ मैच में अंपायरिंग कर रहे थे तभी दो इलाकों के खिलाड़ियों के बीच रन-आउट को लेकर बहस हो गई.
अंपायरों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मैदान पर मामला शांत कर दिया, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. एक दर्शक कांता किशोर (26) ने खिलाड़ियों और अंपायरों को गाली देना शुरू कर दिया, जबकि वह मैच में शामिल नहीं था. मैच खत्म होने के बाद मामला और बढ़ गया. पुलिस ने बताया कि किशोर ने बाद में अंपायरों को विवाद सुलझाने के बहाने पास बुलाया.
मृतक अजीत बाबू
मैच के बाद फिर से दोनों पक्षों में हुआ था विवाद
अजित बाबू, चिरंजीवी और कुछ लोग वहां पहुंचे, लेकिन मामला बिगड़ गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि, ‘मैच के बाद फिर से बहस हुई थी और किशोर ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया.’ अजित बाबू को सीने में चाकू लगा और वह मौके पर गिर गए. चिरंजीवी भागने की कोशिश में घायल हो गए और एक अन्य व्यक्ति भी चोटिल हुआ. सभी घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, फिर अजित बाबू को अपोलो अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इस पूरे मामले में पीड़ित के भाई ने बताया कि एक रन को लेकर विवाद पहले ही गांव के बुजुर्गों ने सुलझा दिया था, लेकिन आरोपी शराब के नशे में बाद में लौटकर हमला कर गया. पीड़ित के पिता डोला अप्पला राजू की शिकायत पर पुलिस ने किशोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में हत्या का मामला दर्ज किया है. आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है. फिलहाल वह फरार है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें