Tips and Tricks: घर पर बनाएं लाल मिर्च का भरवां अचार, नोट कर लें प्रोसेस, उंगली चाटते रह जाएंगे मेहमान!
अगर आप घर पर स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला भरवां मिर्च का अचार बनाना चाहते है तो गोंडा की महिला किसान किरण मिश्रा की यह आसान रेसिपी आपके काम आ सकती है. उनका कहना है कि यह अचार न सिर्फ बेहद लजीज होता है, बल्कि सही तरीके से बनाने पर जल्दी खराब भी नहीं होता.
लोकल 18 से बातचीत में किरण मिश्रा बताती है कि अचार बनाने के लिए न ज्यादा खर्च की जरूरत होती है और न ही बहुत मेहनत की. बस सही सामग्री का इस्तेमाल और साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है. अगर ये बातें ध्यान में रखी जाएं, तो घर पर भी बाजार जैसा स्वाद मिल सकता है.
जरूरी सामग्री:
बड़ी लाल भरने वाली मिर्च, सरसों का दाना (राई), सौंफ, मेथी दाना, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक स्वादानुसार, सरसों का तेल और थोड़ी सी हींग. किरण मिश्रा साफ तौर पर कहती है कि भरवां मिर्च के अचार में धनिया पाउडर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे अचार में फफूंदी लगने का खतरा बढ़ जाता है.
बनाने की विधि:
सबसे पहले मिर्च को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सूखा लें. फिर लाल मिर्च को बीच से काटकर उसके बीज निकाल दें और इन्हें 1 दिन के लिए धूप में सुखा लें. अब एक बर्तन में राई, सौंफ और मेथी दाना पीसकर उसमें हल्दी, नमक, लाल मिर्च पाउडर और हींग मिला लें. इस तैयार मसाला मिश्रण में थोड़ा सरसों का तेल डालकर अच्छे से मिक्स करें. अब इस मसाले को सूखी मिर्च के अंदर भर दें. सारी मिर्च भरने के बाद उन्हें एक साफ कांच के जार में रखें और ऊपर से इतना सरसों का तेल डालें कि मिर्च पूरी तरह तेल में डूब जाए.
कितने दिन में तैयार होगा अचार?
किरण मिश्रा के अनुसार, भरवां मिर्च का अचार 4–5 दिन तक धूप में रखने के बाद पूरी तरह तैयार हो जाता है. इस दौरान बीच-बीच में जार को हल्का हिलाते रहे ताकि मसाला हर जगह समान रूप से मिल सके.
ध्यान रखने वाली बातें:
अचार बनाते समय किसी भी तरह की नमी नहीं होनी चाहिए. जार पूरी तरह साफ और सूखा होना जरूरी है. अचार निकालते समय हमेशा सूखे और साफ चम्मच का ही इस्तेमाल करें.
क्यों खास है यह अचार?
किरण मिश्रा बताती है कि यह अचार पूरी तरह घरेलू तरीके से और बिना किसी केमिकल के तैयार किया जाता है. इसका स्वाद तीखा, खट्टा और मसालेदार होता है, जो रोजमर्रा के खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है.गोंडा की किरण मिश्रा की यह आसान विधि अपनाकर आप भी घर पर स्वादिष्ट भरवां मिर्च का अचार बना सकते है. यह आपके भोजन को खास बनाने के साथ-साथ पूरे परिवार को भी जरूर पसंद आएगा.