‘गुस्सा आता है, पर गाली नहीं देता’, सोशल मीडिया के मिसयूज पर भड़के परेश रावल, नफरत फैलाने वालों की लगाई क्लास
Last Updated:
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर परेश रावल ने सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत को लेकर अपनी बेबाक राय रखी है. एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने इन प्लेटफॉर्म्स को उल्टी करने वाला बर्तन करार दिया.उन्होंने कहा कि लोग बिना सोचे-समझे यहां जहर उगलते हैं, जबकि किसी की इज्जत उछालने का हक किसी के पास नहीं है. परेश ने यूजर्स से जिम्मेदार बनने और नेगेटिविटी से दूर रहने की अपील की. उन्होंने साफ किया कि भले ही उन्हें गुस्सा आता है, लेकिन वे अपनी मर्यादा कभी नहीं लांघते.

परेश रावल ने कहा कि किसी की भी इज्जत नहीं उछालनी चाहिए.
नई दिल्ली. परेश रावल अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं. वह मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखते हैं. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत और नेगेटिविटी पर जमकर भड़ास निकाली है. एक इंटरव्यू के दौरान परेश रावल ने यूजर्स को सलाह दी कि इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल जिम्मेदारी से करना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी के बारे में भी गलत बोलने का हक किसी को भी नहीं है. यहां तक कि परेश रावल ने सोशल मीडिया को प्यूकिंग पॉट तक कह दिया है.
पीटीआई से बात करते हुए परेश रावल ने कहा, ‘मैं खुद को सुधारने की कोशिश कर रहा हूं. मेरी नजर में सोशल मीडिया एक ऐसा बर्तन बन गया है जहां लोग बस जहर उगलते हैं. जिसे जो मन में आता है, कह देता है. लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए. आपको किसी के बारे में कुछ भी गलत बोलने का हक नहीं है. भले ही आपको पक्का पता हो कि सामने वाला गलत है, फिर भी आप उसे नीचा नहीं दिखा सकते या उसकी इज्जत नहीं उछाल सकते. हालांकि, ये सब बातें मैं खुद को भी समझा रहा हूं और इस दिशा में अभी मैंने बहुत कम काम किया है.’
इंटरनेट पर फैली नफरत कर देती है परेशान
परेश रावल ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि इंटरनेट पर फैलने वाली ये नफरत कभी-कभी उन्हें भी परेशान कर देती है, लेकिन वो हमेशा अपनी मर्यादा बनाए रखने की कोशिश करते हैं. उन्होंने आगे कहा, ‘कभी-कभी गुस्सा तो मुझे भी आता है, लेकिन फिर भी मैं अपनी एक लिमिट तय करके रखता हूं. मैं कभी गाली-गलौज नहीं करता. सोशल मीडिया असल में पॉजिटिविटी फैलाने का एक बेहतरीन जरिया है, इसलिए अगर कहीं नेगेटिविटी दिखे, तो उससे दूर रहना ही बेहतर है.’
धुरंधर का मजाक उड़ाने पर भड़के थे परेश रावल
हाल ही में परेश रावल तब चर्चा में आ गए, जब उन्होंने फिल्म धुरंधर के बारे में एक नेगेटिव कमेंट करने वाले यूजर को करारा जवाब दिया. मामला तब शुरू हुआ जब एक आरजे ने एक्स पर एक रील शेयर की, जिसमें दो लोग फिल्म का मजाक उड़ाते हुए उसका रिव्यू कर रहे थे. उस रील को शेयर करते हुए आरजे ने लिखा, ‘हाहाहा… धुरंधर का सबसे बेस्ट रिव्यू.’ जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुआ तो परेश रावल ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी.
आरजे ने परेश रावल को दिया था ऐसा जवाब
आरजे के ट्वीट पर परेश रावल ने पलटवार करते हुए लिखा, ‘एक बेवकूफ रिपोर्टर के तौर पर तुम्हारी नौकरी अब पक्की है, वैसे भी इसे कोई और करना नहीं चाहता.’ परेश रावल का यह कमेंट देख आरजे ने भी चुप रहना ठीक नहीं समझा और उन्हें तुरंत जवाब देते हुए उनकी गलती सुधारी. उन्होंने लिखा, ‘पहले अपने फैक्ट्स सही कर लीजिए. मैं कोई रिपोर्टर नहीं हूं. आप सिर्फ एक एक्टर हैं, जो असल जिंदगी में अपनी कला से कोसों दूर हैं.’
About the Author
साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें