meerut new international athletic track update | kailash prakash stadium meerut | मेरठ का इंटरनेशनल एथलेटिक ट्रैक
Last Updated:
Meerut International athletic track: मेरठ के खिलाड़ियों के लिए कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में करीब 9 करोड़ की लागत से बना ‘इंटरनेशनल एथलेटिक ट्रैक’ अब पूरी तरह तैयार है. इस ट्रैक की सबसे बड़ी खूबी इसका खास ड्रेनेज सिस्टम है, जो मूसलाधार बारिश के बावजूद मैदान पर पानी की एक बूंद भी नहीं टिकने देगा. जापान और ऑस्ट्रेलिया की तकनीक से बने इस ट्रैक का उद्घाटन इसी महीने यानी अप्रैल के दूसरे हफ्ते में होने की उम्मीद है. जानिए कैसे यह हाई-टेक ट्रैक मेरठ के एथलीटों की किस्मत बदल देगा.

मेरठ में बनकर तैयार हुआ हाईटेक इंटरनेशनल एथलेटिक ट्रैक
मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खेल जगत और मेरठ के होनहार खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर है. खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के बाद अब मेरठ को अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला एक बेहद आधुनिक एथलेटिक ट्रैक मिलने जा रहा है. कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से यह ट्रैक बनकर तैयार हो चुका है. अब बस इंतजार है तो इसके उद्घाटन की तारीख का. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो अप्रैल के दूसरे सप्ताह में इस शानदार ट्रैक का तोहफा मेरठ के एथलीटों को मिल जाएगा.
मूसलाधार बारिश भी नहीं रोक पाएगी प्रैक्टिस
इस ट्रैक की सबसे दिलचस्प और बड़ी खासियत इसका साइंटिफिक डिजाइन है. अक्सर देखा जाता है कि थोड़ी सी बारिश होते ही मैदानों में पानी भर जाता है और खिलाड़ियों की प्रैक्टिस कई दिनों तक रुक जाती है. लेकिन मेरठ के इस नए ट्रैक को इस तरह बनाया गया है कि अगर 24 घंटे भी लगातार मूसलाधार बारिश होती रहे, तो भी ट्रैक पर पानी का नामोनिशान नजर नहीं आएगा. इंजीनियरों ने इसे खास ड्रेनेज सिस्टम के साथ तैयार किया है, जिससे पानी तुरंत जमीन के नीचे चला जाएगा.
400 मीटर के इस ट्रैक को बनाने में दुनिया के बेहतरीन मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है. इसमें जापान और ऑस्ट्रेलिया से मंगाई गई खास तकनीक और सामग्री का प्रयोग हुआ है. इस ट्रैक को इस तरह तैयार किया गया है कि चाहे कड़ाके की धूप हो, ओले गिरें या फिर जमा देने वाली सर्दी, इसके स्ट्रक्चर को कोई नुकसान नहीं होगा. क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट को नवंबर 2024 में मंजूरी दी गई थी और अब अप्रैल 2026 में यह खिलाड़ियों के इस्तेमाल के लिए पूरी तरह सज-धज कर उद्घाटन के लिए तैयार है.
यह भी पढ़ें: ‘I Love My Bitiya’… तलाक के बाद ढोल-नगाड़ों से बेटी का स्वागत, रिटायर्ड जज पिता बोले- बोझ नहीं
ट्रैक के नीचे बनाए गए हैं दो विशाल वेल्स
ट्रैक पर पानी न रुकने के पीछे का असली राज इसके नीचे छिपे दो बड़े-बड़े वेल्स यानि कुएं हैं. ये वेल्स पूरे ड्रेनेज सिस्टम को संभालते हैं और पानी को फील्ड पर इकट्ठा होने से रोकते हैं. इसके अलावा, इस एथलेटिक ट्रैक में सिर्फ दौड़ने की सुविधा ही नहीं है, बल्कि यहां लॉन्ग जंप, हाई जंप, हैमर थ्रो और शॉटपुट जैसे खेलों के लिए भी अलग-अलग और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. यानी एथलेटिक्स से जुड़े हर खिलाड़ी को यहां विश्व स्तरीय सुविधा मिलेगी.
अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट तैयार करेगा मेरठ
मेरठ हमेशा से ही देश को बेहतरीन खिलाड़ी देता रहा है. अब इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के ट्रैक के मिल जाने से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रैक्टिस के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. शासन की तरफ से हरी झंडी मिलते ही इसी महीने इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा. इस आधुनिक सुविधा के आने से उम्मीद है कि आने वाले समय में मेरठ से और भी ज्यादा खिलाड़ी ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे बड़े मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगे.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें