‘मैं और नमन…’, दिल्ली से मिली हार का सूर्यकुमार ने किसे ठहराया जिम्म्मेदार? खुलकर लिया नाम
Last Updated:
Suryakumar Yadav Statetement: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस की कमान संभालने वाले सूर्यकुमार यादव ने हार के बाद कहा कि 15-20 रन और बोर्ड पर लगे होते तो नतीजा कुछ भी हो सकता था. अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा दिल्ली कैपिटल्स ने 11 गेंदें रहते 164 रन बनाकर कर लिया. समीर रिजवी ने 90 रन की मैच विनिंग पारी खेली.

दिल्ली से मिली हार पर क्या बोले सूर्यकुमार यादव?
नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना कि उनकी टीम बल्लेबाजी में 15-20 रन पीछे रह गई, जिसकी वजह से अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. धीमी पिच पर सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की ओर से सर्वाधिक 51 रन बनाए, जिसके दम पर टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाने में सफल रही. हालांकि, समीर रिजवी की 90 रनों की दमदार पारी के बूते दिल्ली कैपिटल्स ने 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 163 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया.
हार पर क्या बोले सूर्यकुमार?
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद सूर्यकुमार ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह एक ठीक-ठाक विकेट था. हमें उम्मीद थी कि यह थोड़ा धीमा होगा, लेकिन फिर भी बल्लेबाजी के लिहाज से हम 15 से 20 रन पीछे रह गए. हालांकि, मैं उनके गेंदबाजों को भी इसका श्रेय देना चाहूंगा. इसके साथ ही डीसी के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी भी की.’ सूर्या ने दिल्ली के बल्लेबाजों को इस जीत का पूरा क्रेडिट दिया.
दिल्ली से मिली हार पर क्या बोले सूर्यकुमार यादव?
समीर रिजवी के दमदार प्रदर्शन पर बात करते हुए सूर्यकुमार ने कहा, ‘7 रन के स्कोर पर 2 विकेट गिरने के बाद कोई क्रीज पर आकर इस तरह की बल्लेबाजी करता है, तो मुझे लगता है कि उसे इसका श्रेय मिलना चाहिए. समीर ने हमें मुकाबले में वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया.’ सूर्यकुमार को लगा कि पिच दोनों पारियों में काफी हद तक एक जैसी ही रही, लेकिन उन्होंने विरोधी टीम को हालात को बेहतर ढंग से समझने का श्रेय दिया. उन्होंने इस पर कहा, ‘मुझे लगता है कि पिच दोनों ही पारियों में काफी हद तक एक जैसी ही थी. इसमें बहुत ज्यादा बदलाव नहीं आया. उन्होंने दूसरी पारी में हालात को बहुत अच्छी तरह से समझा और शानदार बल्लेबाजी की.’
’15-20 रन पीछे रह गए’
सूर्यकुमार ने यह भी कहा कि एमआई ने 180-185 रन को एक अच्छा स्कोर माना था, लेकिन वे इसे हासिल करने से नाकाम रहे. उन्होंने कहा, ‘हमें लगा कि 180 से 185 रन एक अच्छा स्कोर होगा. हम 15-20 रन पीछे रह गए. मुझे लगता है कि नमन और मैं 16वें और 18वें ओवर के दौरान गलत समय पर आउट हो गए, वरना हम कम से कम अच्छे स्कोर से ऊपर तो पहुंच ही जाते.’
सूर्या ने माना कि वो और नमनधीर गलत समय पर अपने विकेट गंवा बैठे, जिससे कुछ रन कम पड़ गए. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मैं और नमन, हम दोनों गलत समय पर (16वें और 18वें ओवर में) आउट हो गए. अगर ऐसा नहीं होता, तो हम कम से कम एक अच्छा स्कोर बना लेते.’ उन्होंने कहा, ‘कभी-कभी ऐसे दिन आते हैं जब आप कोशिश तो करते हैं पर चीजें आपके पक्ष में नहीं रहतीं. लेकिन हम अपनी गलतियों से सीखेंगे, कड़ी मेहनत करेंगे और अगले मैच में दमदार वापसी करेंगे.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें