UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड में नंबर बढ़वाने के नाम पर लूट, छात्रों को ठगने की तैयारी, जारी हुई चेतावनी
Last Updated:
UP Board Result 2026 Cyber Fraud Alert: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 से पहले परीक्षार्थियों और अभिभावकों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है. नंबर बढ़वाने के नाम पर साइबर ठग फोन कॉल से आपके साथ स्कैम कर सकते हैं. जानिए फर्जी कॉल आने पर कहां शिकायत करें और इस ठगी से कैसे बचें.

UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड रिजल्ट से पहले स्कैम का खेल शुरू हो गया है
प्रयागराज (UP Board Result 2026 Cyber Fraud Alert). उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के बाद स्टूडेंट्स और पेरेंट्स के लिए जरूरी चेतावनी आई है. प्रयागराज स्थित यूपी बोर्ड मुख्यालय ने साइबर ठगों के बढ़ते खतरों को देखते हुए प्रदेशभर में अलर्ट जारी किया है. बोर्ड को अंदेशा है कि पिछले सालों की तरह इस बार भी जालसाज एक्टिव हो सकते हैं, जो यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 आने से पहले नंबर बढ़वाने के नाम पर पैसों की उगाही करने की कोशिश करते हैं.
नंबर बढ़वाने का लालच और फर्जी पहचान का खेल
साइबर अपराधी बेहद शातिर तरीके से स्टूडेंट्स का भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं. वे अक्सर परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों या कर्मचारियों के नाम का दुरुपयोग करते हैं और अपनी फर्जी पहचान बताते हैं. वे दावा करते हैं कि उनकी पहुंच मुख्य डेटाबेस तक है और वे कंप्यूटर सिस्टम में जाकर अंक बदल सकते हैं. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यूपी बोर्ड रिजल्ट में ऐसी कोई भी छेड़छाड़ संभव नहीं है और ये दावे पूरी तरह निराधार हैं.
यूपी बोर्ड सचिव की अपील: किसी को न दें बैंक की डिटेल
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे ऐसे किसी भी फोन कॉल, मेसेज या ईमेल का संज्ञान न लें. रोल नंबर, आधार कार्ड या बैंक विवरण जैसी कोई भी पर्सनल जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें. यूपी बोर्ड कभी भी पैसों के बदले अंक नहीं बढ़ाता है. अगर कोई ऐसी पेशकश करता है तो वह निश्चित रूप से अपराधी है.
कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी
उत्तर प्रदेश पुलिस के सक्रिय सहयोग से ऐसे साइबर अपराधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है. बोर्ड ने चेतावनी दी है कि पहचान होने पर इन ठगों के खिलाफ आईटी एक्ट (IT Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत कठोर दण्डात्मक कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी. पुलिस की साइबर सेल इन नंबरों को ट्रैक करने के लिए पहले से ही एक्टिव है.
फर्जी कॉल आने पर क्या करें?
यूपी बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों के लिए गाइडलाइन जारी की है:
- ऐसे संदिग्ध कॉल आने पर उन्हें तुरंत रिकॉर्ड करें.
- फोन करने वाले का मोबाइल नंबर नोट करें.
- तुरंत अपने जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को इसकी सूचना दें.
- तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके.
About the Author
With more than 10 years of experience in journalism, I currently specialize in covering education and civil services. From interviewing IAS, IPS, IRS officers to exploring the evolving landscape of academic sys…और पढ़ें