Tamil Nadu chunav K Annamalai and Narendra Modi meeting: के अन्नामलाई नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बीजेपी ओर से जारी 27 उम्मीदवारों की लिस्ट में कद्दावर नेता के. अन्नामलाई का नाम नहीं होने को लेकर चर्चाएं तेज है. इन चर्चाओं पर विराम लगाने के लिए के. अन्नामलाई खुद सामने आए हैं. उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह खुद ही चुनाव नहीं लड़ना चाह रहे थे. वह उन सभी सीटों पर फोकस रखना चाहते हैं जहां एनडीए के उम्मीदवार मैदान में हैं.
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद के अन्नामलाई ने संगठन को बनाया प्राथमिकता
के अन्नामलाई ने साफ तौर पर कहा है कि वह इस बार चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे और पूरी तरह से पार्टी के प्रचार पर फोकस करेंगे. चेन्नई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए पहुंचे अन्नामलाई ने कहा कि वह न तो उम्मीदवारों की सूची में थे और न ही चुनाव लड़ने की दौड़ में.
तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने बताया कि उन्होंने पहले ही पार्टी हाईकमान को लिखित में सूचित कर दिया था कि वह इस बार चुनाव नहीं लड़ना चाहते. इसी कारण 23 अप्रैल के चुनाव के लिए भेजी गई संभावित उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया.
अन्नामलाई ने कहा कि अगर वह चाहते, तो तमिलनाडु की किसी भी सीट से चुनाव लड़ सकते थे, लेकिन उन्होंने संगठन को मजबूत करने और उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने का रास्ता चुना.
तमिलनाडु के साथ केरल, पुडुचेरी में भी जनसभाएं करेंगे अन्नामलाई
उन्होंने बताया कि पार्टी ने उन्हें 7 अप्रैल तक पुडुचेरी और केरल में, और उसके बाद 23 अप्रैल तक तमिलनाडु में प्रचार की जिम्मेदारी दी है. के अन्नामलाई ने कहा- ‘एक कार्यकर्ता के तौर पर, मेरी भूमिका पूरे राज्य में एनडीए प्रत्याशियों के लिए प्रचार करना है और मैं इसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाऊंगा.’
अन्नामलाई ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने फैसले की जानकारी पहले ही केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, बीजेपी महासचिव बीएल संतोष और पार्टी नेतृत्व को दे दी थी. प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि यह चुनावी रणनीति पर सामान्य चर्चा होगी. साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उनके फैसले का सम्मान किया गया और उन्हें एनडीए के लिए प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है.
अन्नामलाई ने अपने बयान में भरोसा जताया कि NDA इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगा और अधिक से अधिक सीटें जीतने की दिशा में काम करेगा.