चुनिंदा ताजे आमों से बना, मीठा, रसीला, चिल्ड…जमशेदपुर में गोलू का मैंगो शरबत है हिट, कीमत 10 रुपये
Last Updated:
Jamshedpur Famous Mango Sharbat: जमशेदपुर में यूपी से आए गोलू आम के शरबत या कहें शेक का स्टॉल लगाते हैं. वे 10 रुपये में एक ग्लास बेचते हैं और पीने वालों की लाइन लगी रहती है. खासकर दोपहर में जमकर भीड़ होती है. गोलू रोज 500 ग्लास तक बेच लेते हैं.
जमशेदपुर. गर्मी का मौसम आते ही लोग ठंडे और ताजगी भरे पेय की तलाश में निकल पड़ते हैं. इसी बीच जमशेदपुर शहर में उत्तर प्रदेश से आए गोलू अपने खास आम के रसीले शरबत के जरिए लोगों को ठंडक और स्वाद दोनों का अनोखा अनुभव दे रहे हैं. सस्ते दाम और बेहतरीन स्वाद के कारण उनका यह शरबत तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. गोलू बताते हैं कि उनके शरबत की सबसे बड़ी खासियत है इसमें इस्तेमाल होने वाला आम.
वे खास तौर पर बैगनपल्ली (पीला आम) और तोतापरी किस्म का आम इस्तेमाल करते हैं. इन आमों में बीज पतला होता है और गूदा (पल्प) ज्यादा होता है, जिससे शरबत गाढ़ा, मीठा और स्वादिष्ट बनता है. यही वजह है कि जो एक बार उनका स्वाद चख लेता है, वह बार-बार इसे पीने आता है.
ऐसे बनता है आम का शरबत/शेक
शरबत बनाने की प्रक्रिया भी काफी दिलचस्प है. सबसे पहले पके हुए आमों का गूदा अच्छी तरह निकाला जाता है. इसके बाद इसमें ठंडी बर्फ और दूध मिलाकर इसे अच्छे से मिक्स किया जाता है. यह पूरा काम ग्राहकों के सामने किया जाता है, जिससे लोग इसकी शुद्धता और ताजगी पर भरोसा कर पाते हैं.
कीमत की बात करें तो यह शेक हर किसी की जेब के अनुकूल है. मात्र 10 रुपये में एक गिलास ठंडा और स्वादिष्ट शरबत मिल जाता है, जबकि 40 रुपये में एक लीटर शरबत उपलब्ध है. यही वजह है कि हर वर्ग के लोग इसका आनंद ले रहे हैं. इसका मजा लेने के लिए आप साकची गैलेरिया माल के सामने जा सकते हैं. सुबह 10 से रात 8 तक स्वाद लिया जा सकता है.
दोपहर के समय लगती है कतार
गोलू बताते हैं कि रोजाना वे करीब 500 से 600 गिलास शरबत आसानी से बेच लेते हैं. दोपहर के समय तो उनकी दुकान पर लोगों की लंबी कतार लग जाती है. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बार-बार यहां आना पसंद करते हैं. शरबत पीने आए राजीव का कहना है कि ‘ऐसा स्वाद कहीं और नहीं मिलता. यहां सब कुछ हमारे सामने बनता है, बिना किसी मिलावट के. आम का असली स्वाद यहीं महसूस होता है.’ ग्राहकों का यह भरोसा ही गोलू की सबसे बड़ी कमाई है.
आज के समय में जहां बाजार में मिलावटी पेय की भरमार है, वहां गोलू का यह देसी आम का शरबत लोगों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बनकर सामने आया है. कम कीमत, शुद्धता और बेहतरीन स्वाद का यह संगम जमशेदपुर की गर्मी में लोगों को खास राहत दे रहा है. अगर आप भी इस गर्मी में कुछ सस्ता, ताजा और स्वाद से भरपूर पीना चाहते हैं, तो गोलू का आम का शरबत जरूर ट्राई करें.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें