साल 1974 की कल्ट फिल्म, जिसे रिजेक्ट करने का अपर्णा सेन को होता है पछतावा, शबाना आजमी ने जीता था नेशनल अवॉर्ड

Share to your loved once


Last Updated:

दिग्गज फिल्मकार श्याम बेनेगल की कल्ट क्लासिक फिल्म अंकुर ने शबाना आजमी को रातों-रात नेशनल अवॉर्ड विनर स्टार बना दिया था. हाल ही में अपर्णा सेन ने खुलासा किया कि इस फिल्म के लिए वे पहली पसंद थीं, लेकिन उन्होंने ऑफर ठुकरा दिया था. अपर्णा को आज भी इस फैसले पर मलाल है, हालांकि वह मानती हैं कि शबाना आजमी ने उस किरदार को जिस ऊंचाई पर पहुंचाया था. यह फिल्म श्याम बेनेगल और शबाना दोनों के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई.

ख़बरें फटाफट

साल 1974 की कल्ट फिल्म, जिसे रिजेक्ट करने का अपर्णा सेन को है बड़ा पछतावाZoom

शबाना आजमी के करियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई थी अंकुर फिल्म.

नई दिल्ली. डायरेक्टर श्याम बेनेगल ने 70 के दशक में पैरेलल सिनेमा की शुरुआत की थी. उनकी पहली ही फिल्म अंकुर ने इतिहास रच दिया था. इसी फिल्म से शबाना आजमी ने अपने करियर की शुरुआत की और छा गईं. लेकिन क्या आपको पता है कि शबाना इस रोल के लिए पहली पसंद नहीं थीं? असल में श्याम बेनेगल ने यह फिल्म पहले मशहूर एक्ट्रेस अपर्णा सेन को ऑफर की थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था.

हाल ही में स्ट्रेट अप विद श्री के साथ बातचीत के दौरान अपर्णा ने इसके पीछे की वजह बताई. उन्होंने कुबूल किया कि उस वक्त उनकी हिंदी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो रही थीं. अपर्णा के मुताबिक, उन्होंने हिंदी फिल्में कभी स्टार बनने के लिए नहीं, बल्कि पैसों की जरूरत के चलते की थीं और उनके फैसले अक्सर गलत साबित हुए. उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि अंकुर उन फिल्मों में से एक थी जिसे न करना उनकी बड़ी गलती थी.

अपर्णा सेन ने रिजेक्ट कर दी थी फिल्म

अपर्णा सेन ने आगे बताया, ‘श्याम ने मुझे फिल्म का सिनोप्सिस भेजा था. उसमें लिखा था कि फिल्म की मुख्य किरदार को हिंदी के साथ-साथ थोड़ा तेलुगु लहजे में बात करनी होगी. मुझे लगा कि यह मेरे लिए बहुत मुश्किल होगा, ऊपर से मुझे एक घरेलू नौकरानी का रोल करना था. सच कहूं तो मैं इसे लेकर बिल्कुल भी कॉन्फिडेंट नहीं थी. यह श्याम की पहली फिल्म थी और नए डायरेक्टर होने की वजह से कई लोग उन्हें पहले ही मना कर चुके थे. मैंने उनसे कहा कि मुझे कहानी तो बहुत पसंद आई, लेकिन मैं यह फिल्म नहीं कर पाऊंगी.’

बुरा मान गए थे श्याम बेनेगल?

उन्होंने आगे कहा, ‘श्याम ने बस इतना कहा कि ठीक है, आप सिनोप्सिस वापस भेज दीजिए. उन्हें यकीनन बुरा लगा होगा, लेकिन अगर उन्होंने मुझसे क्यों पूछा होता, तो शायद मैं उन्हें अपनी घबराहट के बारे में बताती और वो मुझे समझा लेते. पर शुक्र है ऐसा नहीं हुआ, क्योंकि शबाना आजमी ने उस रोल में जो कमाल किया, वो अद्भुत था. उनकी वजह से हमें शबाना जैसी काबिल एक्ट्रेस मिली’.

शबाना आजमी ने जीता था नेशनल अवॉर्ड

बताते चलें कि ‘अंकुर’ में शबाना आजमी ने लक्ष्मी का यादगार किरदार निभाया था. फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने मूक-बधिर पति के साथ गुजर-बसर करने के लिए एक जमींदार के घर में काम करती है. कहानी में मोड़ तब आता है, जब युवा जमींदार और लक्ष्मी के बीच नजदीकियां बढ़ जाती हैं, जिससे उस गांव में बड़ा विवाद खड़ा हो जाता है. मूवी में शबाना आजमी की परफॉर्मेंस की हर तरफ जमकर तारीफ हुई और इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.

About the Author

Kamta Prasad

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP