झारखंडी स्टाइल में बनाएं मसूर की दाल, 2 सीटी में तैयार, खड़ी लाल मिर्च, करी पत्ते का छौंक, दस गुना बढ़ेगा स्वाद
Last Updated:
Masoor Daal With A Twist In Chaunk: मसूर की दाल आपने कई बार खायी होगी पर एक बार इसे झारखंडी स्टाइल में छौंककर खाएं. एक छोटे से ट्विस्ट से स्वाद इतना बढ़ जाएगा कि आपको यकीन नहीं होगा कि यह वही रोज वाली दाल है. बस एक बात का ध्यान रखें, दाल बहुत गलाएं नहीं.
जमशेदपुर. भारत में दाल सिर्फ एक खाना नहीं, बल्कि हर घर की पहचान होती है. हर राज्य, हर गांव और हर रसोई की अपनी एक अलग दाल बनाने की शैली होती है. कहीं दाल गाढ़ी बनती है, तो कहीं पतली, कहीं मसालेदार तो कहीं बिल्कुल सादी. लेकिन झारखंड के गांवों में बनने वाली मसूर दाल की बात ही कुछ और है. यहां दाल का असली स्वाद उसके खास देसी छौंके में छिपा होता है, जो इसे बेहद लाजवाब बना देता है.
बस दो सीटी तक पकाएं
झारखंड के ग्रामीण इलाकों में मसूर की दाल बनाने की विधि बहुत ही सरल है, लेकिन उसका स्वाद बेहद खास होता है. सबसे पहले मसूर की दाल को अच्छे से साफ कर लिया जाता है. इसके बाद उसे पानी से अच्छी तरह धोकर कुकर में डाला जाता है. इसमें थोड़ा सा नमक और हल्दी मिलाकर दो सीटी तक पकाया जाता है. इतना करने से दाल अच्छी तरह नरम और स्वादिष्ट बन जाती है.
जब दाल पककर तैयार हो जाती है, तब इसे थोड़ा पतला करने के लिए इसमें खौलता हुआ गरम पानी मिलाया जाता है. इससे दाल का टेक्सचर हल्का और पीने में आसान हो जाता है, जो खासकर गर्मी के मौसम में बहुत अच्छा लगता है.
छौंका बनाता है दाल को खास
अब आता है इस दाल का सबसे खास हिस्सा – देसी छौंका. यही छौंका इस साधारण दाल को खास बना देता है. झारखंड के गांवों में छौंका लगाने के लिए लोहे या स्टील का गोल आकार का कलछुल (करछी) इस्तेमाल किया जाता है. इसमें थोड़ा सा सरसों का तेल डाला जाता है और उसे अच्छी तरह गर्म किया जाता है.
तेल गर्म होने के बाद उसमें जीरा डाला जाता है, जो तुरंत चटकने लगता है. इसके बाद उसमें सूखी लाल मिर्च डाली जाती है, जिससे एक तीखी और सुगंधित खुशबू उठती है. लेकिन इस छौंके की असली जान होता है करी पत्ता. चार से आठ ताजे करी पत्ते डालते ही छौंके की खुशबू और भी बढ़ जाती है और पूरा माहौल महक उठता है.
चावल के साथ देती है गजब स्वाद
जब यह छौंका पूरी तरह तैयार हो जाता है, तो इसे सीधे गरम दाल में डाल दिया जाता है. जैसे ही छौंका दाल में पड़ता है, एक अलग ही सुगंध और स्वाद उभरकर सामने आता है. यही वह पल होता है जब साधारण मसूर की दाल एक खास झारखंडी व्यंजन बन जाती है. यह दाल न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होती है. गांवों में इसे चावल के साथ बड़े चाव से खाया जाता है.
अगर आप भी घर पर कुछ नया और देसी स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो झारखंड स्टाइल मसूर दाल जरूर बनाएं. अगर आप पसंद करते हैं तो छौंके में अदरक लहसुन भी डाल सकते हैं. इससे बिलकुल रेस्टोरेंट स्टाइल दाल का स्वाद मिलता है. साथ में थोड़ी सी कुटी लाल मिर्च भी डाल दें.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें