इंडक्शन कुकटॉप पर भी बनेगी होटल जैसी नरम रोटी! ये 3 स्टेप्स अपनाएं और देखें कैसे बिना आग के भी बनती है परफेक्ट रोटी
Induction Roti Recipe: रसोई में गैस खत्म हो जाए तो सबसे बड़ी परेशानी रोटी बनाने की होती है. कई लोग इंडक्शन कुकटॉप पर सब्ज़ी, दाल तो बना लेते हैं, लेकिन रोटी आते ही कन्फ्यूजन शुरू हो जाता है-क्योंकि रोटी ठीक से फूलती नहीं, सख्त हो जाती है या जल जाती है, लेकिन सच ये है कि थोड़ी सी समझ और सही तरीका अपनाकर इंडक्शन पर भी उतनी ही मुलायम और फूली रोटियां बनाई जा सकती हैं, जैसी गैस पर बनती हैं. आजकल शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक इंडक्शन का इस्तेमाल बढ़ रहा है, ऐसे में ये ट्रिक हर किचन के काम की है.
क्यों इंडक्शन पर रोटी बनाना लगता है मुश्किल?
इंडक्शन कुकटॉप गैस की तरह सीधे आग नहीं देता, बल्कि तवे को सीधे गर्म करता है. यही वजह है कि तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है और अगर ध्यान न दिया जाए तो रोटी जल्दी जल जाती है या कच्ची रह जाती है. कई लोगों की शिकायत रहती है कि इंडक्शन पर बनी रोटी में वो नरम नहीं आती.
तापमान ही है असली खेल
असल में इंडक्शन पर रोटी बनाने का पूरा खेल तापमान कंट्रोल का है, अगर आप शुरुआत से ही हाई हीट पर रोटी डाल देंगे तो वो ऊपर से जल जाएगी और अंदर से कच्ची रह जाएगी. वहीं बहुत कम तापमान पर रोटी सूख जाती है.
सही आटा गूंथना है पहला स्टेप
रोटी की नरम की शुरुआत आटे से होती है. एक बर्तन में 2 कप गेहूं का आटा लें, चाहें तो थोड़ा नमक मिला सकते हैं. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम और चिकना आटा गूंथें. ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ढीला. आटा गूंथने के बाद उसे 5-10 मिनट के लिए ढककर रख दें. कई लोग इस स्टेप को स्किप कर देते हैं, लेकिन यहीं पर रोटी की नरम तय होती है.
बेलने का तरीका भी करता है फर्क
अब आटे के छोटे-छोटे गोले बनाएं और हल्का सूखा आटा लगाकर पतली रोटियां बेलें. कोशिश करें कि रोटी हर तरफ से बराबर मोटाई की हो, अगर रोटी कहीं से मोटी और कहीं से पतली होगी, तो इंडक्शन पर वो सही से नहीं फूलेगी.
तवा पहले से सही तापमान पर रखें
इंडक्शन पर तवा रखने के बाद उसे 160-180°C या 600-800W पर पहले से गर्म करें. ये बहुत जरूरी है क्योंकि ठंडे तवे पर रोटी डालने से वो सख्त हो सकती है. जब तवा हल्का गर्म हो जाए, तब ही रोटी डालें. ध्यान रखें कि शुरुआत में तेज आंच न रखें.
पकाने का सही तरीका
रोटी को तवे पर डालें और जैसे ही ऊपर हल्के-हल्के बुलबुले दिखने लगें, उसे पलट दें. दूसरी तरफ भी उतना ही पकाएं. इस दौरान तापमान मीडियम यानी करीब 180°C रखें.
अब यहां आता है असली ट्रिक-जब दोनों तरफ हल्की सिकाई हो जाए, तो तापमान थोड़ा बढ़ाकर 200-220°C कर दें. फिर रोटी के किनारों को कपड़े या स्पैचुला से हल्का दबाएं. इससे रोटी फूलने लगेगी, भले ही उसे सीधे आग न मिले.
बिना आग के भी फूलेगी रोटी
कई लोगों को लगता है कि रोटी तभी फूलती है जब उसे सीधी आग मिले, लेकिन इंडक्शन पर सही तापमान और दबाव से रोटी उतनी ही अच्छी तरह फूल सकती है.
नरम रखने का देसी तरीका
जैसे ही रोटी तैयार हो जाए, उसे उतारकर हल्का घी लगाएं और तुरंत किसी साफ कपड़े या ढक्कन में ढक दें. इससे रोटियाँ सूखेंगी नहीं और देर तक नरम बनी रहेंगी. घर में अक्सर देखा गया है कि अगर रोटियाँ खुली रख दी जाएं तो वो जल्दी सख्त हो जाती हैं-चाहे गैस पर बनी हों या इंडक्शन पर.
रोजमर्रा में काम आने वाली आसान टिप
अगर आप रोज इंडक्शन पर खाना बनाते हैं, तो एक अच्छा और मोटा तवा इस्तेमाल करें. पतले तवे पर रोटी जल्दी जलती है. साथ ही, हर रोटी के बीच तवे को थोड़ा ठंडा होने का समय दें, ताकि तापमान संतुलित बना रहे.
छोटे शहरों में जहां गैस सिलेंडर देर से मिलता है, वहां इंडक्शन अब एक भरोसेमंद विकल्प बनता जा रहा है. ऐसे में ये तरीका हर घर के लिए उपयोगी साबित हो सकता है. इंडक्शन कुकटॉप पर रोटी बनाना मुश्किल जरूर लगता है, लेकिन सही तापमान, सही आटा और थोड़ी प्रैक्टिस से ये काम बेहद आसान हो जाता है. बस ध्यान रखें कि जल्दबाजी न करें और हर स्टेप को सही तरीके से फॉलो करें.