फीका, बेस्वाद और कच्चा निकल जाता है खरबूजा, इन 5 ट्रिक से पता करें मस्कमेलन मीठा है या नहीं
गर्मियों के मौसम में सीजनल फ्रूट्स की भरमार होती है. इसमें सबसे ज्यादा तरबूज, खरबूजा आदि बिकने लगते हैं. पानी से भरपूर ये फल गर्मियों के दिनों में शरीर को भरपूर ठंडक प्रदान करता है. डिहाइड्रेशन से बचाता है. तरबूज और खरबूजा न सिर्फ स्वादिष्ट, पानी से भरपूर होते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होते हैं. हालांकि, बात करें खरबूजे को खरीदने की तो काफी लोगों को समझ नहीं आता है कि ये मीठा होगा या बिल्कुल बेस्वाद. आप खुद से चुनकर खरबूजा खरीद तो लेते हैं, लेकिन जब काटकर खाते हैं तो वो अंदर से सूखा, फीका, बेरंग सा नजर आता है. आखिर किस तरह खरीदते समय इस बात की पहचान करें कि खरबूजा बहुत ही मीठा और स्वादिष्ट निकलेगा. इसके लिए खरबूजे को खरीदते समय इन बातों का ध्यान रखें…
खरबूजे में पोषक तत्व
खरबूजे में सबसे अधिक पानी होता है, जो लगभग 90 प्रतिशत तक होता है. इसके अलावा, ये फल कई तरह के विटामिंस और मिनरल्स से भरपूर होता है. इसमें कैलोरी नहीं होती है. विटामिन A, C, एंटीऑक्सीडेंट्स, फाइबर, पोटैशियम आदि होते हैं. ये पाचन तंत्र, इम्यूनिटी, आंखें, दिल, किडनी, त्वचा को हेल्दी रखता है. लो-कैलोरी होने के कारण इसके सेवन से वजन नहीं बढ़ता है.
खरबूजा मीठा है या नहीं कैसे पहचानें?
-जब भी आप मॉल या ठेले पर से खरबूजा खरीदें तो उसे पहले सूंघ कर देखें. खरबूजे में एक डंठल लगा होता है. उस भाग को आप सूंघ कर देखिए, वहां से मीठी खुशबू आने जैसा महसूस हो तो समझ लें खरबूजा मीठा और परफेक्ट तरीके से पका हुआ है.
– आप जिस आकार का भी खरबूजा खरीदें, यदि वो अपने साइज के अनुसार से भी अधिक भारी महसूस हो तो समझ जाइए उसमें भरपूर पानी और मिठास है. पानी नहीं होने से खरबूजा कम भारी लग सकता है और सूखा, कच्चा और अधिक बीज वाला भी निकल सकता है.
-खरबूजा जब पक जाता है तो उसके छिलके का रंग हल्का पीला, सुनहरा सा होता है. हरा होगा छिलका तो वो कच्चा होगा. छिलके पर जाल की तरह डिजाइन नजर आते हैं, वो उभरे हुए हों तो खरबूजा परफेक्ट है. ये मीठा और पका भी होगा.
-जब आप खरबूजे को हाथों में लेकर चेक करें तो साथ में हल्का सा उंगलियों से प्रेस करके भी चेक करें. हल्का नर्म होगा तो ये पका और मीठा होगा. बहुत ज्यादा दब जाए तो अधिक गला, पका और बेस्वाद होगा. दबाने पर बहुत हार्ड लगे तो ये कच्चा खरबूजा है.
-खरबूजे को हाथों से थपथपा कर चेक करें. खोखली आवाज महसूस हो तो समझ लें ये पका हुआ है.