पटना वाले पगलाए रहते हैं इस चाट के लिए, आलू टिक्की-मटर नहीं यह है अमरूद चाट, देखते ही टपकेगी लार
Last Updated:
Patna Famous Amrood Chaat: पटना में पाटलिपुत्र गोलंबर के पास रूबन हॉस्पिटल के सामने अमरूद की चाट का ठेला लगता है. इसके स्वाद के पटनावासी दीवाने हैं. 50 रुपये में 250 ग्राम अमरूद चाट मिलती है और अस्पताल के सामने होने के कारण भीड़ लगी रहती है. बैजू साव यह चटपटी अमरूद चाट बनाते हैं.
पटना. राजधानी पटना की गलियों में स्वाद का ऐसा खजाना छिपा है, जो एक बार चख लिया तो भूलना मुश्किल हो जाता है. इन्हीं में से एक है यहां की मशहूर चटपटी अमरूद चाट. इसका नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. ताजे अमरूद पर खास मसालों का तड़का, सरसों और मिर्च-पुदीना की चटनी का शानदार कॉम्बिनेशन ऐसा स्वाद देता है कि हर बाइट में मजा ही मजा.
यही वजह है कि सुबह से लेकर रात तक इस चाट की मांग बनी रहती है. एक प्लेट खत्म होते-होते उंगलियां ही नहीं, लोग प्लेट तक चाटने को मजबूर हो जाते हैं. कीमत मात्र 50 रुपये प्रति 250 ग्राम है. सोशल मीडिया पर भी इस चाट के खूब चर्चे होते हैं.
मसालों और चटनियों में है जादू
पटना की वायरल चटपटी अमरूद चाट इन दिनों लोगों की पहली पसंद बन गयी है. आसपास अस्पताल होने की वजह से यहां सुबह से लेकर शाम तक लोगों की अच्छी-खासी भीड़ लगी रहती है. हेल्दी होने के साथ-साथ टेस्टी का गजब कॉम्बिनेशन लोगों को इस ठेले तक खींच लाता है.
ऐसे होती है तैयार
इसे बनाने के लिए सबसे पहले बड़े और ताजे अमरूद को अच्छी तरह धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता है. इसके बाद स्वादानुसार नमक, एक चम्मच चाट मसाला, भुना हुआ जीरा, अजवाइन, काली मिर्च और सौंफ का पाउडर मसाले के रूप में डाला जाता है. फिर स्वाद को और बढ़ाने के लिए इसमें सरसों का स्पेशल सॉस और हरी मिर्च-पुदीना की चटनी मिलाकर करीब एक मिनट तक अच्छे से मिक्स किया जाता है.
जब यह पूरी तरह तैयार हो जाता है, तो इसे प्लेट में परोसा जाता है. यकीन मानिए, इसे बनते हुए देखकर ही मुंह में पानी आने लगता है. मसालों और चटनी में लिपटा अमरूद का हर टुकड़ा जैसे ही मुंह में जाता है, स्वाद की बल्ले-बल्ले हो जाती है.
खाने के लिए आना होगा यहां
अगर आप भी इस चटपटे अमरूद चाट का स्वाद लेना चाहते हैं, तो आपको पाटलिपुत्र गोलंबर के पास स्थित रूबन हॉस्पिटल के पास डॉन बॉस्को प्राइमरी स्कूल के सामने ‘बैजू फ्रूट सलाद’ के नाम से लगने वाले ठेले पर आना होगा. बैजू साव इस चाट को बनाते हैं. इसके अलावा इस ठेले पर सादा अमरूद 40 रुपये प्लेट जबकि पपीता 30 रुपये प्लेट मिलता है.
बैजू बताते हैं कि पहले उनका ठेला दिल्ली के चांदनी चौक में लगता था, लेकिन कोरोना के समय वह पटना आ गए और यहीं पर अपना ठेला लगाने लगे. तब से लोग इस चटपटे अमरूद चाट को बेहद पसंद कर रहे हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें