शादी में हरित दहेज, गांव में पर्यावरण मंदिर! मिलिए झारखंड के ट्री मैन से जिन्होंने पेड़ों को बनाया धर्म – News18 हिंदी
Palamu Tree Man Kaushal Kishore Jaiswal: झारखंड के पलामू से निकले ट्री मैन कौशल किशोर जायसवाल आज पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन चुके हैं. महज 13 वर्ष की उम्र में जंगल लगाओ, जंगल बचाओ अभियान शुरू करने वाले कौशल अब तक लाखों पौधे लगा चुके हैं और उनका लक्ष्य 1 करोड़ पौधारोपण का है. 1966 के भीषण अकाल से मिली सीख को उन्होंने अपना जीवन लक्ष्य बना लिया. कौशल किशोर केवल पौधे ही नहीं लगाते, बल्कि समाज को ‘पर्यावरण धर्म’ के 11 मूल मंत्रों का ज्ञान भी दे रहे हैं. उन्होंने ‘हरित दहेज’ जैसी अनोखी परंपरा शुरू की है. जहां शुभ अवसरों पर पौधा भेंट करना अनिवार्य माना जाता है. उनके गांव डाली में निर्माणाधीन ‘पर्यावरण ज्ञान मंदिर’ एक जीवंत संग्रहालय है. जहां 22 देशों की 275 प्रजातियों के पौधे मौजूद हैं. जल, जंगल और जमीन की रक्षा को ही असली धर्म मानने वाले कौशल किशोर का वनराखी मूवमेंट आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है. उनका संदेश स्पष्ट है प्रकृति की सेवा ही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है.
