On This Day: 4 गेंद, 4 छक्के और बेन स्टोक्स के आंसू…जब ब्रेथवेट ने इंग्लैंड के मुंह से छीन ली थी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी
Last Updated:
Carlos Brathwaite hit Ben Stokes for 4 sixes in 4 balls: 3 अप्रैल 2016 को इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप का फाइनल खेला गया था. इस फाइनल मैच में वेस्टइंडीज के कार्लोस ब्रेथवेट ने बेन स्टोक्स के खिलाफ आखिरी ओवर में लगाताक 4 छक्के लगाकर सनसनी मचा दी थी.

वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, टी20 विश्व कप 2016 फाइनल
नई दिल्ली: क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है. इस खेल में आखिरी गेंद पर भी बाजी पलट जाती है. ऐसा ही आज से 10 साल पहले 3 अप्रैल 2016 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स के मैदान पर देखने को मिला था, जब इंग्लैंड ने सिर्फ 4 गेंद में टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को गंवा दिया. क्रिकेट के इतिहास में इसे सबसे बड़े उलटफेर में से कहा जाता है. यही वजह है कि इस घटना को हुए बेशक 10 साल हो चुके हैं, लेकिन फैंस को आज भी कार्लोस ब्रेथवेट की वो बेरहम पारी याद होगी, जिसके बाद इंग्लैंड के बेन स्टोक्स के आंसू छलक पड़े थे. आइए उसकी ऐतिहासिक टी20 विश्व कप फाइनल की यादों में आपको गोता लगवाते हैं.
ब्रेथवेट ने 4 गेंद में जड़े 4 छक्के
आईसीसी टी20 विश्व कप 2016 का फाइनल इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था. भारत फाइनल नहीं खेल रहा था तब भी ईडन गार्डन्स स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था. फाइनल में वेस्टइंडीज की टीम ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था. इंग्लैंड ने मैच में पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में जो रूट की अर्धशतकीय पारी से 9 विकेट पर 155 रन का स्कोर खड़ा किया. टी20 फॉर्मेट में अगर आज के सिनेरियो को देखें तो ये बहुत छोटा स्कोर माना जाएगा, लेकिन जब किसी टूर्नामेंट के फाइनल की बात हो तो ये स्कोर भी चुनौतीपूर्ण होता है.
इसी सोच के साथ इंग्लैंड के गेंदबाज 155 रन का बचाव करने मैदान पर उतरे. इंग्लिश गेंदबाजों ने शुरुआत जबरदस्त की और 11 रन के भीतर वेस्टइंडीज के टॉप के तीन बल्लेबाजों को आउट कर दिया. शुरुआती विकेट मिलने के कारण मैच इंग्लैंड के पक्ष में झुक गया, लेकिन वेस्टइंडीज के लिए मार्लेन सैमुअल्स ने खूंटा गाड़ लिया. सैमुअल्स संभलकर बल्लेबाजी करते हुए विकेट को बचाकर रखने की रणनीति अपनाई, लेकिन दूसरी छोर से लगातार अंतराल पर बल्लेबाज आउट हो रहे थे, जिसके कारण रन की गति भी धीमी पड़ गई थी.
6 गेंद में जीत के लिए चाहिए थे 19 रन
इंग्लैंड ने पूरे मैच में कसी हुई गेंदबाजी की. 19 ओवर की समाप्ति पर वेस्टइंडीज का स्कोर 6 विकेट पर 137 रन था. क्रीज पर सैमुअल्स 66 गेंद में 85 रन बनाकर डटे हुए थे और उनका साथ निभा रहे थे कार्लोस ब्रेथवेट. इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने 19 रन को डिफेंड करने के लिए अपने बेस्ट ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को गेंद थमाई और स्ट्राइक पर थे ब्रेथवेट. ब्रेथवेट को देखकर लगा कि वेस्टइंडीज इस मैच को नहीं बचा पाएगी, क्योंकि सैमुअल्स क्रीज पर सेट बल्लेबाज थे. ऐसे में सबको यही लगा कि ब्रेथवेट एक रन लेकर सैमुअल्स को स्ट्राइक देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
ऊंचे कद काठी वाले कार्लोस ब्रेथवेट ने बेन स्टोक्स के खिलाफ पहली ही गेंद पर छक्का उड़ा दिया. इस छक्के के साथ ही फैंस और वेस्टइंडीज की टीम में जोश भर गया. छक्का खाने के बाद स्टोक्स दूसरी गेंद लेकर और उसका भी ब्रेथवेट ही अंजाम किया. दो छक्के खाने के बाद स्टोक्स टूट गए और खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाए. स्टोक्स की तीसरी गेंद पर भी ब्रेथवेट ने छक्का जड़कर स्कोर को बराबर कर दिया. वेस्टइंडीज ने 3 गेंद में 18 रन बनाकर जीत को पक्की कर ली, लेकिन उस पर मुहर लगाने के लिए 1 रन बनाना बाकी था. हारे हुए मन से स्टोक्स चौथी गेंद डालने आए और ब्रेथवेट ने उस पर भी छक्का लगाकर वेस्टइंडीज को चमत्कारिक जीत दिला दी. इस तरह वेस्टइंडीज दो बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी थी. ब्रेथवेट वेस्टइंडीज के लिए 10 गेंद में 34 रन बनाकर नाबाद रहे थे.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें