खतरे में द्विपक्षीय सीरीज? 2027 से बदलेगा आईपीएल का कलेवर, विंडो और मैच दोनों बढ़ेंगे
Last Updated:
IPL Chairman Arun Dhumal statement: इंडियन प्रीमियर लीग के चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा है कि साल 2027 में आईपीएल के विंडो को बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है. ऐसे में अब सीजन में 74 की जगह कुल 94 मैच खेले जाएंगे. आईपीएल विंडो बढ़ने के कारण कुछ द्विपक्षीय सीरीज को खत्म किया जा सकता है.

2027 से बढ़ सकते हैं आईपीएल मैचों की संख्या
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन खेला जा रहा है. पूरे सीजन में 10 टीमों के बीच कुल 74 मैच खेले जाएंगे, लेकिन अगले साल से टूर्नामेंट का कलेवर पूरी तरह से बदल सकता है. आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा है कि साल 2027 में आईपीएल के विंडो को बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है. ऐसे में आईपीएल विंडो बढ़ता है तो साफ है कि लीग में मैचों की संख्या भी बढ़ जाएगी. मौजूदा आईपीएल में कुल 74 मैच खेले जाते हैं.
हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस जैसी दो नई टीमों के आने के बाद अब मौजूदा व्यवस्था में सभी टीमें लीग चरण के दौरान एक-दूसरे से दो बार नहीं खेल पाती हैं. धूमल ने माना कि फिलहाल क्रिकेट कैलेंडर में इतनी जगह नहीं है कि मैचों की संख्या को 74 से बढ़ाकर 94 किया जा सके. उन्होंने एक ही दिन में दो मैच (डबल-हेडर) आयोजित करने के विकल्प को व्यावहारिक नहीं माना, लेकिन सुझाव दिया कि भविष्य में एक बड़ा विंडो मिलना असंभव नहीं है, क्योंकि ‘कुछ द्विपक्षीय सीरीज’ में दर्शकों की रुचि कम हो रही है.
क्रिकेट बोर्ड से बात करने की तैयारी में आईपीएल
द फाइनेंशियल टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में धूमल ने कहा कि पिछले कुछ सालों के बदलावों को देखें तो देशों के बीच होने वाली आपसी सीरीज में निश्चित रूप से दिलचस्पी घटी है. यही कारण है कि इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसे देश अपनी खुद की टी20 लीग लेकर आ रहे हैं. धूमल का मानना है कि यदि यही चलन रहा तो हर देश कम द्विपक्षीय सीरीज चाहेगा या केवल उन्हीं सीरीज पर ध्यान देगा जो आर्थिक रूप से फायदेमंद हों.
ऐसी स्थिति में IPL का विस्तार करने की गुंजाइश बनेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य देशों के क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा सकारात्मक रहेगी और 2027 के बाद के चक्र में 74 से अधिक मैचों के लिए एक बड़ा विंडो निकाला जा सकेगा. उन्होंने इसके लिए सितंबर या अक्टूबर का समय भी एक संभावना के तौर पर बताया, जब इंग्लैंड का क्रिकेट सीजन खत्म होता है और ऑस्ट्रेलिया का सीजन शुरू होने वाला होता है.उन्होंने जोर देकर कहा कि बीसीसीआई का ध्यान केवल भारतीय क्रिकेट पर ही नहीं, बल्कि वैश्विक क्रिकेट के स्वास्थ्य पर भी है.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें