5 हीरो…जिनके दम पर सनराइजर्स हैदराबाद को मिली सीजन की पहली जीत, केकेआर के खिलाफ ऐसा पलटा मैच
Last Updated:
5 heroes srh beat kkr: सनराइजर्स हैदराबाद की जीत में पांच खिलाड़ियों का अहम रोल रहा. कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ इन पांचों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. बल्लेबाजी में क्लासेन, हेड और अभिषेक छाए रहे वहीं गेंदबाजी में जयदेव उनादकट ने शानदार प्रदर्शन किया. नितीश कुमार रेड्डी ने बैटिंग और बॉलिंग दोनों डिपार्टमेंट में अपना अहम योगदान दिया.

हैदराबाद की जीत के पांच हीरो.
नई दिल्ली. सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल में वह कर दिखाया जिसकी उम्मीद उनके फैंस को बेसब्री से कर रहे थे. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पिछले मैच में करारी हार झेलने के बाद हैदराबाद ने शानदार वापसी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों के बड़े अंतर से मात दी. इस जीत के साथ ही कप्तान ईशान किशन ने न केवल अपनी कप्तानी का पहला मैच जीता, बल्कि टीम के नेट रन रेट और मनोबल को भी सातवें आसमान पर पहुंचा दिया. सनराइजर्स को इस सीजन की पहली जीत दिलाने में बैटिंग में जहां अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, नितीश रेड्डी और हेनरिक क्लासेन का अहम रोल रहा वहीं गेंदबाजी में जयदेव उनादकट छाए रहे. हैदराबाद की जीत में पांच हीरो रहे.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत किसी चक्रवात से कम नहीं थी. अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बरसात कर दी. वैभव अरोड़ा ने हालांकि पहला ओवर किफायती डाला, लेकिन उसके बाद जो हुआ उसने केकेआर के गेंदबाजों के होश उड़ा दिए. अभिषेक और हेड ने महज 5.4 ओवरों में 82 रनों की साझेदारी कर डाली. हैदराबाद ने पावरप्ले में 84 रन कूट दिए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है. ट्रेविस हेड को 34 के निजी स्कोर पर अजिंक्य रहाणे ने जीवनदान भी दिया, लेकिन कार्तिक त्यागी ने उन्हें 46 रन (21 गेंद) पर आउट कर केकेआर को पहली राहत दिलाई. अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों पर 48 रन बनाए जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे.वहीं हेड ने 21 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के जड़े. दोनों ने हैदराबाद को शानदार शुरुआत दिलाई.
हैदराबाद की जीत के पांच हीरो.
क्लासेन का प्रहार
जब हैदराबाद 7.2 ओवर में 100 रन बनाकर 250 के पार जाती दिख रही थी, तब जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने केकेआर की वापसी कराई. अपने पहले ओवर में 16 रन देने के बाद मुजरबानी ने नौवें ओवर में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा (48 रन) को चलता किया. इसके बाद अनुकूल रॉय ने अनिकेत वर्मा को आउट कर स्कोर 118/4 कर दिया. क्लासेन ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने 35 गेंदों पर 52 रन की पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर पर ले जाने में मदद की. उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया.
नितीश रेड्डी ने मुश्किल समय में खेली 39 रन की पारी
मुश्किल वक्त में नितीश रेड्डी (39) और हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला. दोनों के बीच 82 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जो हैदराबाद के इतिहास की पांचवें विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप है. क्लासेन ने अंत तक टिककर 52 रन (35 गेंद) बनाए और टीम का स्कोर 226/8 तक पहुंचा दिया. रेड्डी ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी तहलका मचाया. उन्होंने 2 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लिए.
गेंदबाजी में छाए उनादकट
अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट गेंदबाजी में छाए. उन्होंने 3 ओवर में 21 रन देकर तीन बड़े विकेट लिए. जयदेव ने केकेआर के कप्तान रहाणे सहित कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती का विकेट लिया.
2012 का वो ‘अजीब’ संयोग
केकेआर के लिए यह सीजन की लगातार दूसरी हार है. दिलचस्प बात यह है कि साल 2012 के बाद यह पहली बार है जब केकेआर ने अपने अभियान की शुरुआत लगातार दो हार के साथ की है. 2012 में भी वे पहले दो मैच हारे थे, लेकिन अंत में उन्होंने खिताब जीता था. क्या 2026 में भी इतिहास खुद को दोहराएगा या केकेआर की मुश्किलें और बढ़ेंगी? यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन फिलहाल नौवें स्थान पर काबिज केकेआर के लिए आगे की राह कांटों भरी है.वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह जीत एक नई संजीवनी की तरह है, जिसने उन्हें प्वॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाने का मौका दिया है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें