पांचवीं बार पहली गेंद पर लिया विकेट… शमी के सपोर्ट में चेतेश्वर पुजारा उतरे, बोले- वापसी के लिए अभी तो यह शुरुआत है
Last Updated:
Cheteshwar Pujara back Mohammed Shami form: चेतेश्वर पुजारा का कहना है कि मोहम्मद शमी इस समय शानदार लय में हैं और वह वापसी की राह पर हैं. पुजारा ने कहा कि पिछले घरेलू क्रिकेट से शमी शानदार लय में हैं और वह लगातार विकेट ले रहे हैं.

मोहम्मद शमी की तारीफों के पुल बांधते नहीं थक रहे पुजारा.
नई दिल्ली. पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल मैच में अच्छी गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद शमी की तारीफ करते हुए कहा कि इस तेज गेंदबाज की वापसी की राह में यह तो बस शुरुआत है. भारतीय टीम से बाहर चल रहे शमी को लखनऊ ने 10 करोड रुपए में खरीदा. शमी ने लखनऊ की तरफ से पदार्पण करते हुए अपनी पहली गेंद पर ही केएल राहुल को आउट कर दिया था और इस तरह से वह आईपीएल इतिहास में पांच बार पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं.
पुजारा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शमी के प्रदर्शन के बारे में स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘आईपीएल का यह सत्र मोहम्मद शमी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और जिस तरह से उन्होंने दिल्ली के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की उससे पता चलता है कि वह पूरी तरह से तैयार हैं. शमी ने भले ही 28 रन देकर एक विकेट लिया लेकिन उन्होंने पावर प्ले में अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पहली गेंद पर ही केएल राहुल को आउट किया और इसका पूरा श्रेय शमी को जाता है.’
लखनऊ की टीम इस मैच में हार गई लेकिन शमी ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया. पुजारा ने कहा, ‘शमी को पता था कि राहुल को इनसाइड आउट शॉट खेलना पसंद है, इसलिए उन्होंने गेंद ऑफ स्टंप से बाहर फेंकी. राहुल ने इनसाइड आउट शॉट खेला लेकिन गेंद सीधे डीप प्वाइंट पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई। इसके बाद भी उन्होंने कसी गेंदबाजी की.’
पुजारा ने कहा, ‘शमी पिछले एक साल से घरेलू क्रिकेट में सभी प्रारूपों में खेल रहे हैं और उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है. वह अपने घरेलू फॉर्म को आईपीएल में भी बरकरार रख रहे हैं. दिल्ली के खिलाफ यह प्रदर्शन मोहम्मद शमी की वापसी की राह में केवल शुरुआत है.’ इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने समीर रिजवी को इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतारने के दिल्ली कैपिटल्स के फैसले की भी सराहना की.
उन्होंने कहा, ‘परिस्थितियों को देखते हुए आशुतोष शर्मा की जगह समीर रिजवी को इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर लाना अच्छा फैसला था. टीम प्रबंधन ने रिजवी पर भरोसा जताया और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया. इस विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था. वह भले ही आगे भी इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरें, लेकिन मैं आशुतोष शर्मा या करुण नायर की जगह उन्हें प्राथमिकता दूंगा.’
पुजारा ने इसके साथ ही कहा कि कुलदीप यादव अब अधिक आत्मविश्वास के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘एक गेंदबाज के लिए आत्मविश्वास बेहद महत्वपूर्ण होता हैण् पिछले दो वर्षों में कुलदीप यादव ने जिस तरह की गेंदबाजी की है, वह उनके आत्मविश्वास के कारण हैण् वह बिना किसी खौफ के गेंदबाजी कर रहे हैं. उन्हें अब अपनी गेंदबाजी पर पूरा भरोसा है.’
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें