UP, राजस्थान, बिहार… खातों में जब अचानक खटाखट आए करोड़ों रुपये, फटी की फटी रह गईं आंखें

Share to your loved once


Last Updated:

Ajab Gajab News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक महिला के खाते में अचानक करोड़ों रुपये आ गए. इससे हड़कंप मच गया. महिला ने बताया कि बिना किसी जानकारी के उसके खाते में राशि जमा हो गई, जिसके बाद वह हैरान रह गई. उसने तुरंत अपना बैलेंस चेक किया और मामले की जानकारी लेने के लिए बैंक से संपर्क करने की कोशिश की. हालांकि, ऐसा नहीं है कि पहली बार इस तरह की कोई घटना सामने आई हो… पहले भी यूपी के नोएडा, हाथरस से ऐसी खबरें आ चुकी हैं. यहां तक कि राजस्थान और बिहार में भी मामले सामने आए थे.

हाल ही में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया. यहां एक महिला के खाते में अचानक करोड़ों रुपये आने से हड़कंप मच गया. बिछवां थाना क्षेत्र के गांव देवगंज निवासी सीता देवी उस समय हैरान रह गईं, जब उनके मोबाइल पर गुरुवार को एक मैसेज आया. उस वक्त वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत में गेहूं की कटाई कर रही थीं. जैसे ही सीता देवी ने मैसेज खोला, उन्हें अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ. मैसेज में बताया गया था कि उनके बैंक खाते में करीब 10 करोड़ रुपये जमा हो गए हैं. पहले तो उन्हें लगा कि यह कोई मजाक या तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है. इसके बाद उन्होंने तुरंत अपने पति को बुलाया और उन्हें पूरा मामला बताया. पति ने भी मैसेज देखा तो वह भी हैरान रह गया.

इससे पहले पिछले साल अगस्त में ऐसा ही मामला सामने आया था. ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के ऊंची दनकौर गांव का एक 20 वर्षीय युवक दीपक उस वक्त हैरान रह गया था, जब उसके बैंक खाते में अचानक 1 अरब 13 लाख 55 हजार करोड़ रुपये की राशि दिखी. इस बेहद असामान्य ट्रांजेक्शन ने महज कुछ मिनटों में दीपक को कागजों पर दुनिया के अमीर लोगों की सूची में ला खड़ा कर दिया था. लेकिन खुद दीपक और उसका पूरा परिवार इस पूरी 36 अंकों वाली रकम का आंकड़ा नहीं लगा पाया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस भी दंग रह गई और आनन-फानन में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सूचना दी गई थी.

वहीं पिछले साल ही मई में भी हाथरस का एक शख्स मालामाल हो गया था. यहां के सादाबाद के गांव नगला दुर्जिया के रहने वाले किसान अजीत कुमार सिंह अपने बैंक खाता से 1800 रुपये की धोखाधड़ी से काफी परेशान थे. अगले ही दिन उनके खाते में इतने रुपये आ गए कि दुनिया के सबसे अमीर किसान बन गए. खाते में इतनी धनराशि आने से हैरान अजीत बैंक पहुंचे, जहां पर कर्मी भी खाते की रकम को गिन नहीं सके. दो-पांच नहीं बल्कि 36 अंकों 1001356000001395421002356000039542 की इस रकम की गिनती के लिए भी उनको भी किसी एक्‍सपर्ट की जरूरत पड़ने लगी. इसकी जानकारी मिली तो उनके परिवार में खलबली मच गई. उन्होंने पुलिस और साइबर सेल में भी शिकायत की तो केनरा बैंक के खाते को बैंक ने फ्रीज कर दिया है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

इसके अलावा राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ के अरांई थाना इलाके में गलती से एक किसान के खाते में 16 लाख रुपये आ गए थे. बैंक ऑफ बड़ोदा के मैनेजर जितेंद्र ठाकुर ने बताया था कि 31 दिसंबर को गलती से किसान कानाराम जाट के खाते में 16 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हो गया. यह राशि न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के खाते में ट्रांसफर की जानी थी लेकिन गलती से कानाराम जाट के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर हो गई थी. यह राशि फसल बीमा का प्रीमियम था. बैंककर्मियों को शुरू में इस गलती का पता नहीं चल पाया. बाद में जब गलती का पता चला तो हड़कंप मच गया.

2021 की सितंबर में तो 2 बच्चे ही करोड़पति बन गए थे. मामला बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड पस्तिया गांव से जुड़ा था. उत्तरी बिहार ग्रामीण बैंक में खाता धारक कक्षा 6 में पढ़ने दो बच्चों के खाते में एक साथ करोड़ों रुपए की राशि आ गई थी. कक्षा 6 में पढ़ने वाले आशीष के खाते में 6 करोड़ 20 लाख 11 हज़ार 100 रुपए और गुरु चरण विश्वास के खाते में 905 करोड़ से अधिक की राशि आ गई थी. आमतौर पर स्कूल में पढ़ने वाले दो बच्चों के खाते में पोशाक के लिए सरकारी राशि आनी थी, लेकिन एक साथ इतनी बड़ी राशि देखकर बच्चों के साथ-साथ उनके घरवाले हैरान रह गए.

बैंक अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की घटनाएं कभी-कभी सरकारी योजनाओं, सब्सिडी या किसी तकनीकी त्रुटि के कारण हो सकती हैं. ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि अपने खाते की पूरी जानकारी लें और पासबुक अपडेट कराएं. साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत बैंक को दें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या से बचा जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP